दस हजार से अधिक के बकायादारों से हो वसूली
0 पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी ने अफसरों को 31 मार्च तक का समय दिया
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) ने जिले में 10 हजार से अधिक के बकायादारों से 31 मार्च तक हर हाल में वसूली करने, कनेक्शन काटने और आरसी जारी करने का लक्ष्य अफसरों को दिया है। एमडी ने जिले के मुख्य अभियंता, सभी अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता और एसडीओ को निर्देश दिया कि वसूली के लिए अभियान और तेज कर दिया जाए।
एमडी के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि अकेले शहर में 1600 से अधिक उपभोक्ताओं पर 10 हजार रुपये से अधिक का बकाया है। बताया कि एमडी ने निर्देश दिया है कि 31 मार्च तक अभियान चलाकर बकायादारों से अधिकतम वसूली की जाए, बिल नहीं जमा करने वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटने के साथ उनके खिलाफ आरसी जारी की जाए। एमडी ने निर्देश दिया कि कनेक्शन काटे जाने के बाद यदि कोई उपभोक्ता चोरी से कनेक्शन जोड़कर बिजली जलाते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ देर रात एफआईआर की कार्रवाई की जाए। बताया कि लाइन विच्छेदन करने के बाद उसका भौतिक सत्यापन होगा। देर रात के निरीक्षण के दौरान यदि कोई उपभोक्ता गलत तरीके से कनेक्शन जोड़कर बिजली जलाते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ 138 बी के खिलाफ कार्रवाई होगी।