राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी 26 को
इलाहाबाद। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान की ओर से कक्षा आठ से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘स्वच्छ भारत: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की भूमिका: संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर राज्य स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन 26 अगस्त को किया गया है। संगोष्ठी संस्थान में सुबह साढ़े नौ बजे से होगी। राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र नई दिल्ली के निर्देश पर आयोजित संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करना, वैज्ञानिक चिंतन तथा अनुसंधान की प्रवृत्ति जागृत करना है। निदेशक डॉ.एस सिंह के मुताबिक उद्घाटन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निदेशक डॉ.सर्वेद्र विक्रम बहादुर सिंह करेंगे। प्रतिभागियों का मूल्यांकन तीन निर्णायक सदस्यों की समिति करेगी। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को बिरला इंडस्ट्रियल एवं टेक्निकल संग्रहालय कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में प्रतिभाग करने के लिए नामित किया जाएगा।
आर्मी पब्लिक स्कूल में अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता
इलाहाबाद। आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट में बुधवार को क्लस्टर स्तरीय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में आठ आर्मी पब्लिक स्कूलों ने प्रतिभाग किया। इसमें आर्मी पब्लिक स्कूल महू को विजेता तथा आर्मी पब्लिक स्कूल नेहरू रोड लखनऊ को उप-विजेता घोषित किया गया। इसके पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन बिग्रेडियर एके त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। प्रधानाचार्या नीना शंकर ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के निर्णायक ध्रुव शर्मा, इमैनुअल प्रेम कुमार एवं मृगनयनी आर्या थीं। संचालन स्कूल की छात्रा अनुष्का शर्मा एवं रुही राजू ने किया।