प्रयागराज। साहू समाज की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में रविवार को अग्नि के फेरे लेकर 31 जोडे़े इकदूजे के हुए। बैंड बाजा संग बारात लेकर केपी कॉलेज मैदान पहुंचे घोड़ी सवार दूल्हों और बारातियों का स्वागत समाज के पदाधिकारियों ने किया। द्वारचार और जयमाल के बाद मंडपों में वैदिक रीति से विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सामूहिक विवाह आयोजन को साहू समाज का उत्कृष्ट कार्य बताया।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद सामूहिक विवाह आयोजन को समाज में नवचेतना पैदा करने वाला बताया। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों की मंगलकामना करते हुए कहा कि अन्य समाज के लोगों को भी गरीब परिवारों की बेटियों के लिए इस तरह के आयोजन कराने चाहिए क्योंकि कन्यादान से बड़ा पुण्य कोई और नहीं है। विशिष्ट अतिथि सांसद फूलपुर केसरी देवी पटेल और प्रतापगढ़ के सांसद संगम लाल गुप्ता ने भी नव दंपतियों को आशीर्वाद दिया। सांसदों ने कहा कि देहज रहित यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज को नई दिशा देगा। साहू एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद साहू ने अतिथियों को अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में विधायक संजय गुप्ता, हर्षवर्धन बाजपेयी, आरके वर्मा, नगर अध्यक्ष भाजपा अवधेश चंद्र गुप्ता, सुबोध सिंह, सुधा साहू, शंकरलाल साह, राम लोचन साहू, गिरजा शंकर गुप्ता, मक्खन लाल साहू, अजय कुमार साहू, नरेंद्र साहू, मदनलाल साहू, कमलेश साहू, प्रेमचंद साहू, ओम बाबू साह, मीडिया प्रभारी छेदीलाल साहू के साथ बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग मौजूद रहे।