शुक्रवार को संक्रमण का रिकार्ड बनाने के बाद शनिवार को कोरोना के कहर में नरमी आई। बीते चौबीस घंटों के दौरान कोविड के 356 नए मरीज मिले। इसके साथ ही जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 2894 हो गई है। अब तक 11452 संक्रमित मरीज चिह्ति किए जा चुके हैं।
जिले में कोरोना जांच का बढ़ता दायरा संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ा रहा है। सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी के मुताबिक संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच कोरोना को मात देने वालों का प्रतिशत भी बढ़ा है। डॉ. बाजपेयी के मुताबिक विभिन्न कोविड अस्पतालों और कोविड केयर सेंटरों से शनिवार को 66 मरीज डिस्चार्ज किए गए। वहीं 187 संक्रमितों का होम आइसोलेशन पूरा हो गया। इस तरह एक दिन में 253 मरीजों ने कोरोना को मात दी है।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
सर्वाधिक 130 मरीज एसआरएन में भर्ती, होम आइसोलेशन में 2404 संक्रमित मरीज
शनिवार को होम आइसोलेशन में कुल 2404 संक्रमित मरीज रहे। वहीं विभिन्न अस्पतालों में कुल 421 कोविड संक्रमित मरीज भर्ती हैं। नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक सर्वाधिक 130 कोविड संक्रमित मरीज एल थ्री लेवल के एसआरएन अस्पताल में भर्ती हैं। कोविड केयर सेंटर कालिंदीपुरम में 88, रेलवे हॉस्पिटल में 47, यूनानी मेडिकल कॉलेज में 26, यूनाइटेड मेडिसिटी में 42, बेली अस्पताल में 58, श्री साईंनाथ वात्सल्य एएमए हॉस्पिटल में 30 संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
कोरोना से दो महिलाओं समेत चार की मौत
कोविड संक्रमण से शनिवार को दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को कोविड संक्रमण के साथ अन्य गंभीर बीमारियां भी थीं। एक मरीज ने बेली अस्पताल में दम तोड़ दिया। एसआरएन अस्पताल के नोडल अधिकारी कोरोना डॉ. सुजीत वर्मा के मुताबिक एक निजी अस्पताल से रेफर होकर आई 65 वर्षीय महिला को तीन सितंबर को भर्ती किया गया था। कोविड संक्रमण के साथ उन्हें आंत की बीमारी थी। आंत फटने के कारण सुबह करीब छह बजे उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मऊआइमा निवासी 55 वर्षीया महिला को 31 अगस्त को कोविड संक्रमण के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उच्च रक्तचाप के साथ उन्हें आंत संबंधी गंभीर बीमारी थी। इलाज के दौरान संक्रमण बढ़ने से उनकी शनिवार दोपहर मौत हो गई।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
इसी क्रम में कीडगंज निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति को शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। कोविड संक्रमण के साथ उन्हें निमोनिया था। सांस लेने में दिक्कत भी थी। सुबह करीब 6.30 बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
कोविड संक्रमित तीन लोगों की मौत की पुष्टि नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने की। वहीं बेली की अधीक्षक डॉ. सुषमा श्रीवास्तव के मुताबिक शनिवार को करीब 3.15 बजे हनुमानगंज निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। उसने केपी कॉलेज में कोविड जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उसे भर्ती की सलाह दी गई था। अस्पताल पहुंचने के थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
दिल्ली से संक्रमित होकर सुबह आया, दोपहर में गई जान
कौशाम्बी से कोरोना संक्रमित होकर यहां पहुंचे 51 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार दोपहर एसआरएन अस्पताल में मौत हो गई। वह कौशाम्बी का रहने वाला था। सांस लेने में दिक्कत की शिकायत पर घर वाले उसे भर्ती कराने आए थे। दोपहर करीब एक बजे उपचार के दौरान कोविड संक्रमित ने अंतिम सांस ली।
corona virus
- फोटो : sociol media
डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों संग बैंक, रेलवे अफसर भी संक्रमित
कोविड संक्रमण की जद में अब डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। कोरोना योद्दा बने इन स्वास्थ्य कर्मियों पर संक्रमण हावी हो रहा है। आम लोगों के साथ रेलवे के अफसर, गार्ड और एक्सिस बैंक सिविल लाइंस शाखा के कैशियर भी कोविड पॉजिटिव हो गए हैं।
नोडल अधिकारी कोरोना डॉ. ऋषि सहाय ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमितों की शनिवार को आई सूची में एजी ऑफिस के एक ऑडीटर भी शामिल हैं। इसमें एमडीआई अस्पताल के एक डॉक्टर, सीएचसी सोरांव के अधीक्षक, एसआरएन के एक इंटर्न, एक वरिष्ठ चिकित्सक, एक जूनियर डॉक्टर शामिल हैं। कॉल्विन अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट और मेडिकल कॉलेज का एक एमबीबीएस छात्र भी संक्रमित हुए हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. सहाय के मुताबिक एक हाईकोर्ट कर्मी के साथ बेली अस्पताल की एक स्टाफ नर्स कोविड पॉजिटिव पाई गई हैं। यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक, कोरांव थाने में तैनात एक कांस्टेबल, एमएलएन अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटर, सेवइत रेलवे स्टेशन के सुपरिटेंडेंट, रेलवे के मुख्य वाणिज्य अधिकारी, सीओ सिविल लाइंस के स्टेनो, श्रमायुक्त कार्यालय के एक लिपिक, फूलपुर थाने में तैनात एक कांस्टेबल, एचडीओ फॉरेस्ट्री, दारागंज की एएनएम, एडीईई रेलवे समेत तीन सौ से अधिक लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि रिपोर्ट से हुई है।