प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में 69 हजार सहायक भर्ती की उत्तर कुंजी शनिवार को दोपहर बाद परीक्षार्थियों ने डाउनलोड कर ली। उत्तरकुंजी सामने आने के बाद स्पष्ट हो गया कि सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में हिंदी साहित्य के तीन सवालों को कोर्स से बाहर होने के चलते मूल्यांकन से बाहर कर दिया गया है। फिलहाल, इस पर परीक्षा समिति को अंतिम निर्णय लेना है। वहीं भर्ती परीक्षा के परिणाम बुधवार या बृहस्पतिवार को जारी किए जा सकते हैं।
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण चतुर्वेदी की ओर से जारी उत्तर कुंजी में हिंदी साहित्य के तीन प्रश्नों बुकलेट सीरीज बी में प्रश्न 30- सरस्वती पत्रिका के संपादक कौन हैं? प्रश्न 31-चिदंबरा पर ज्ञापपीठ पुरस्कार किसे प्राप्त हुआ? प्रश्न 33- महावीर प्रसाद द्विवेदी ने आदिकाल को क्या संज्ञा दी है? इन तीनों प्रश्नों को कोर्स से बाहर कर दिया है। सचिव ने बताया कि इस संबंध में परीक्षा समिति निर्णय लेगी कि इन प्रश्नों पर सभी को समान अंक दिए जाएं या इन्हें मूल्यांकन से बाहर कर दिया जाए। जानकारों का कहना है कि उम्मीद है कि सभी अभ्यर्थियों को समान अंक देकर परीक्षा समिति पूर्णांक में बदलाव से बच जाएगी, यदि तीन प्रश्नों को बाहर किया गया तो पूर्णांक एवं कटऑफ में बदलाव करना होगा। उत्तरकुंजी जारी होने के साथ अब परीक्षार्थियों ने कयास लगाना शुरू कर दिया है कि शिक्षक भर्ती में कितने अंक पर चयन हो जाएगा। परीक्षार्थियों को मूल्यांकन के बाद परिणाम को लेकर सवाल उठाने का मौका न मिले, इसके लिए परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से पूरी पारदर्शिता बरतने की कोशिश की गई है।