प्रयागराज में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने और घर लौटने वाले यात्रियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की मुफ्त बस सेवा वरदान साबित हुई। 27 की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक संचालित इस मुफ्त बस सेवा के जरिए यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन की लंबी दूरी की बसों और सिटी बसों से तकरीबन 3.54 लाख यात्रियों ने सफर कर अपने गंतव्य तक की यात्रा पूरी की।त्योहार के इन तीन दिनों के दौरान यात्रियों की सबसे भारी भीड़ प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर देखने को मिली, जहां अकेले रक्षाबंधन के आसपास हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों ने आवागमन किया।
परिवहन निगम के आंकड़ों के मुताबिक, लंबी दूरी की बसों में सफर करने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता रहा। 27 अगस्त को 55 हजार, 28 अगस्त को 1.32 लाख और 29 अगस्त को सर्वाधिक 1.39 लाख यात्रियों ने मुफ्त यात्रा का लाभ उठाया। इन तीन दिनों में प्रयागराज रीजन के नौ डिपो की बसों से कुल 3.26 लाख महिलाओं और उनके साथ एक पुरुष सहकर्मी ने फ्री सफर किया।
इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर आवागमन के लिए चलाई गई सिटी बसों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने राहत महसूस की। सिटी बसों में 27 अगस्त को 8,315 ने फ्री सफर किया। 28 अगस्त को 12,000 और 29 अगस्त को 7,400 यात्रियों ने सफर किया, जिससे तीन दिनों में सिटी बस यात्रियों की कुल संख्या 27,715 दर्ज की गई। वहीं, विशेष आकर्षण का केंद्र रही डबल डेकर बसों का लाभ भी सैकड़ों यात्रियों ने उठाया। शुरुआती दिन यह बस सेवा केवल सिविल लाइंस से अलोपीबाग के बीच ही संचालित हुई, लेकिन बाद के दिनों में धूमनगंज तक इसे बढ़ाया गया।