दिन-बृहस्पतिवार। जगह-नगर पंचायत झूंसी पुलिस चौकी के ठीक सामने। समय-नौ बजकर 9.44 मिनट। अग्रवाल इलेक्ट्रानिक्स के मालिक विजय अग्रवाल काउंटर के पास लगी प्लास्टिक की कुर्सी पर आकर बैठे ही थे, तभी काले रंग की पल्सर बाइक पर तीन बदमाश वहां पहुंचते हैं। जिसमें से दो बदमाश दुकान में घुसकर फायर झोंकते हैं और फिर भाग निकलते हैं। बदमाशों ने महज 29 सेकंड में इस वारदात को फिल्मी तरीके से अंजाम दिया गया। जिससे इलाके के लोग दहशत में रहे।
नई झूंसी रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सोमेश्वरनाथ अग्रवाल के दो बेटों में बड़े बेटे विजय की झूंसी पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित मकान के निचले हिस्से में अग्रवाल इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है। जिसमें विजय व उनके छोटे भाई रवि बैठते हैं। विजय विहिप से जुड़े हैं तो रवि आरएसएस के जिला पदाधिकारी हैं। बृहस्पविवार को दिनदहाड़े विजय पर जानलेवा हमले के बाद वहां सनसनी फैल गई। तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया जो बिना नंबर की पल्सर बाइक से वहां पहुंचे थे। बाइक चला रहे बदमाश ने सफेद रंग के गमछे से मुंह ढंका हुआ था। उसके पीछे बैठे बदमाश ने काले रंग केे हेलमेट तथा तीसरे ने सफेद रंग का गमछा गले में लटकाया था।
उसने अपना चेहरा नहीं ढंका था। विजय की दुुकान के सामने पहुंचते ही बाइक पर सवार दो बदमाश नीचे उतरे और सीधे दुकान के चबूतरे पर चढ़कर भीतर दाखिल हो गए। जबकि एक बदमाश स्टार्ट बाइक के साथ चेहरा ढंके वहीं खड़ा रहा। दुकान में दाखिल होते ही दोनों बदमाशों ने एक के बाद एक तीन गोलियां विजय के ऊपर चलाईं। इनमें से एक गोली विजय के दाहिने पैर की जांघ तथा दूसरी दाहिने हाथ के पंजे में जा लगी। अचानक चली गोली से खून से लथपथ विजय जान बचाकर दुकान के भीतर भागे लेकिन कुछ दूर जाकर गिर पड़े। दुकान के काउंटर पर बैठे छोटे भाई रवि को तो कुछ समझ में नहीं आया कि अचानक हुआ क्या।
वह बड़े भाई को खून से लथपथ देख बदहवास से हो गए। झाड़ू-पोछा कर रही दाई सुषमा भी अचानक गोली चलने से सन्न रह गई। हड़बड़ाहट में वह भागने लगी तो बदमाशों ने उसके ऊपर भी असलहा तान दिया। तकरीबन 29 सेकंड में वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश असलहा लहराते हुए बड़े आराम से वहां से फरार हो गए। पूरी वारदात ठीक बगल में स्थित विजय के चाचा के घर के बाहर लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसी टीवी फुटेज के जरिए पुलिस बदमाशों की सुराग में जुटी हुई है।