कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसआरएन अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड से इतर सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में अब 160 बेड बढ़ाकर 260 कर दिए गए हैं। बुधवार को प्राचार्य, सीएमओ, एसआईसी समेत अन्य अफसरों ने आपात स्थिति में मरीजों की भर्ती और उपचार का मॉकड्रिल किया गया। साथ ही सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में दो एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं।
सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में बुधवार दोपहर बाद मॉकड्रिल में प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ डॉ. जीएस बाजपेयी, एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव, डिप्टी एसआईसी गौतम त्रिपाठी, आइसोलेशन वार्ड के प्रभारी डॉ. सुनील वर्मा, बेली की सीएमएस डॉ. सुषमा श्रीवास्तव समेत अन्य स्वास्थ्य अधिकारी जुटे।
कोराना आइसोलेशन वार्ड और सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में तैयारियों को देखा गया।
मुख्य द्वार पर एंबुलेंस पर स्वास्थ्य कर्मी को स्ट्रेचर पर लिटाकर मरीज की तरह वार्ड तक पहुंचाने का मॉकड्रिल किया गया। उद्देश्य था कि कम समय में मरीज को बेहतर उपचार मुहैया कराया जा सके। यहां अफसरों के साथ 50 से अधिक कर्मचारियों, पैरामेडिकल स्टाफ को लगाया गया है।
डॉक्टरों, कर्मियों के लिए नहीं हैं मेडिकल प्रोटेक्शन किट
एसआरएन अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड को छोड़ दें तो कोरोना संक्रमण से बचाने में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों को मेडिकल प्रोटेक्शन किट, मास्क, दस्ताने समेत अन्य जरूरी उपकरण नहीं हैं। सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक के लिए मेडिकल प्रोटेक्शन किट दिए जाने की मांग कर्मचारियों ने उठाई है। यहां संसाधन तो हैं, लेकिन खुद को बचाने के लिए डॉक्टरों के लिए कोई उपाय नहीं हैं। डॉक्टर सिर्फ थ्री लेयर मास्क लगाए दिख रहे हैं।
आइसोलेशन वार्ड के लिए दस नए वेंटीलेटर खरीद की स्वीकृति
स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के लिए दस अतिरिक्त नए वेंटीलेटर खरीदे जाएंगे। मंगलवार को प्रमुख सचिव के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में इसकी स्वीकृति दे दी है। इन दस वेंटीलेटरों के साथ आइसोलेशन वार्ड में कुल 14 वेंटीलेटर हो जाएंगे। इनमें से एक वेंटीलेटर बुधवार को इंस्टाल किया गया। कंपनी के लोगों ने वेंटीलेटर संचालन प्रक्रिया से प्रभारी और कर्मचारियों को अवगत कराया।