26 candidates successful in ACF RFO Mains
प्रयागराज। सहायक वन संरक्षक (एसीएफ)/क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ)-2020 की मुख्य परीक्षा में 26 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में शामिल होने के लिए सफल घोषित किया गया है। साक्षात्कार 13 अप्रैल को होगा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने मंगलवार को मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। परिणाम आयोग की वेबसाइट और कार्यालय के सूचना बोर्ड पर उपलब्ध है।
एसीएफ/आरएफओ-2020 की मुख्य परीक्षा 13 से 26 फरवरी तक प्रयागराज में आयोजित की गई थी। एसीएफ/आरएफओ-2020 की प्रारंभिक परीक्षा में 180 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। इनमें से 94 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन किए थे, जबकि 54 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए थे और 40 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा छोड़ दी थी। इस परीक्षा के तहत आरएफओ के 12 पदों पर भर्ती होनी है, जबकि एसीएफ का कोई पद नहीं है। आरएफओ के 12 पदों पर भर्ती के लिए मैदान में अब 26 अभ्यर्थी हैं, जो इंटरव्यू में शामिल होंगे।
आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कटऑफ अंक आदि की सूचनाएं अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद दी जाएंगी। परिणाम में शामिल उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का रिजल्ट प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल विशेष अपील में उच्च न्यायालय द्वारा पारित अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। परिणाम में सफल घोषित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 13 अप्रैल को निर्धारित किया गया है, जिसके बारे में अलग से विज्ञप्ति जारी की जाएगी।