प्रयागराज। मुंबई का सफर अब 25 से 50 तो दिल्ली का 15 से 30 रुपये महंगा हो गया है। प्रयागराज से दिल्ली जाने वालों को एसी थर्ड में 990 के बजाय 1020 रुपये देने होंगे। वहीं स्लीपर का किराया भी 375 से बढ़कर 390 रुपये हो गया है। नई दिल्ली के लिए हमसफर में स्लीपर का किराया भी 420 से बढ़कर 440 रुपये हो गया है। रेलवे ने बुधवार से सभी श्रेणी में किराया बढ़ा दिया है। इसके अनुसार लखनऊ की यात्रा के लिए भी 10 रुपये अधिक देने होंगे।
000
स्थान श्रेणी
एसी-1 एसी-2 एसी-3 स्लीपर
हावड़ा 2790 1650 1155 435 (पुराना)
2825 1685 1190 455 (नया)
दिल्ली 2360 1400 990 375 (पुराना)
2390 1430 1020 390 (नया)
मुंबई 3730 2175 1490 550 (पुराना)
3785 2235 1545 575 (नया)
मद्रास 4995 2895 1980 750 (पुराना)
5080 2980 2065 790 (नया)
सिकंदराबाद -- 3070 2085 795 (पुराना)
-- 3165 2180 840 (नया)
जयपुर 2705 1600 1125 425 (पुराना)
2740 1635 1135 440 (नया)
आगरा 1825 1080 770 295 (पुराना)
1840 1100 790 305 (नया)
कानपुर 1245 745 540 170 (पुराना)
1255 760 555 175 (नया)
लखनऊ -- 700 495 160 (पुराना)
-- 710 505 160 (नया)
फैजाबाद 1165 700 495 140 (पुराना)
1175 710 505 145 (नया)
000
रेल, बस किराया में बढ़ोतरी पर सपा का विरोध
प्रयागराज। रेल, बस और रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी पर सपा कार्यकर्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी के महानगर कैंप कार्यालय में बुधवार को हुई बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष सैयद इफ्तिखार हुसैन का कहना था कि भाजपा शासन में महंगाई लगातार बढ़ रही है। इससे जनता त्रस्त है। उन्होंने तंज किया कि सरकार ने नए साल में लोगों को महंगाई का तोहफा दिया है। पूर्व प्रदेश मंत्री नरेंद्र सिंह, पंधारी यादव, दान बहादुर मधुर, सै.मो.अस्करी आदि ने कहा कि रोजगार में लगातार कमी आई है। युवा पीढ़ी निराश है लेकिन सरकार इन मूल समस्याओं के समाधान के बजाय समाज को तोड़ने वाले फैसले कर रही है। बैठक में राजेंद्र सिंह पटेल, योगेश यादव, मो.जैद आदि मौजूद रहे।
000
हमसफर, प्रयागराज समेत कई ट्रेनें घंटों लेट
प्रयागराज। कोहरे की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। स्वतंत्रता सेनानी तो आठ घंटे देरी से इलाहाबाद स्टेशन पर पहुंची। दिल्ली से आने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस तीन घंटे 36 मिनट देरी से करीब 10.51 बजे यहां पहुंची। हमसफर भी तीन घंटे 20 मिनट देरी से सुबह 9.40 बजे पहुंची। वहीं वंदेभारत दिन में 12.08 के बजाय 12.46 बजे पहुंची। इस तरह से यह गाड़ी 38 मिनट देरी से आई। रीवा 6.23, जयपुर एक्सप्रेस 6.11 घंटे, सीमांचल एक्सप्रेस 1.08, नाथ ईस्ट 2.09, मंडुआडीह 2.56, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 5.20, संगम 3.48, शिवगंगा 3.25 घंटे देरी से आई।
000
एयरपोर्ट के पहले स्थापना दिवस पर काटा केक
प्रयागराज। प्रयागराज एयरपोर्ट का पहला स्थापना दिवस बुधवार को मनाया गया। इस मौके पर एयरपोर्ट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा केक काटा गया। यात्रियों को चाकलेट आदि भी वितरित किए गए।
पिछले वर्ष एक जनवरी को जब एयरपोर्ट के सिविल टर्मिनल की शुरुआत के बाद यहां से एयर इंडिया की दिल्ली और निजी विमानन कंपनी इंडिगो की ओर से बंगलुरु के लिए सेवा शुरू हुई थी। इसके अलावा जेट एयरवेज की लखनऊ, पटना, नागपुर और इंदौर के लिए भी फ्लाइट शुरू की गई थी। अप्रैल माह में जेट कंपनी के बंद हो जाने के बाद बंगलुरु और दिल्ली की फ्लाइट नियमित रूप से रह गई थी। इसके बाद मुंबई के लिए इंडिगो ने एक और फ्लाइट शुरू की। इसी क्रम में दिल्ली के लिए भी एक और फ्लाइट शुरू की गई। इसके बाद रायपुर और कोलकाता के लिए फ्लाइट नियमित रूप से शुरू हुई। एयरपोर्ट से 10 जनवरी से गोरखपुर के लिए भी एक और फ्लाइट शुरू होने जा रही है। समारोह में निदेशक सुनील यादव, डीपी यादव, जेपी चौहान, पुनीत श्रीवास्तव, विमल वर्मा समेत अनेक अफसर और कर्मचारी मौजूद रहे।
000
सिकंदराबाद-रक्सौल के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए विशेष गाड़ियों के संचालन का निर्णय लिया गया है। इलाहाबाद छिवकी के रास्ते सिकंदराबाद से रक्सौल के बीच सात से तीन अप्रैल के बीच साप्ताहिक विशेष गाड़ी चलाई जाएगी। सिकंदराबाद से प्रत्येक मंगलवार तथा रक्सौल से हर शुक्रवार को ट्रेन चलेगी। इस दौरान यह 13 चक्कर लगाएगी। इसके अलपसा कोटा-निजामुद्दीन, जबलपुर से हरिद्वार, जबलपुर से अटारी से विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
000
सम्मानित किए गए सेवानिवृत्त कर्मचारी
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में बुधवार को सेवानिवृत्त समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छह रेल कर्मी सुरेंद्र कुमार सिंह, मो.शमीम खां, मो.नसीम, अनिल कुमार, महताब आलम, अमृत लाल सरोज को सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने मेडल देकर सम्मानित किया। समारोह में संबंधित विभागों के प्रमुख, श्रीप्रकाश, योगेश कुमार श्रीवास्तव, अवधेश कुमार, संदीप महेश्वरी, एचएन चौधरी आदि शामिल रहे।