बालसन चौराहे के पास स्थित सागररत्ना रेस्टोरेंट में हुई बमबाजी की वारदात में पुलिस के हाथ दूसरे दिन भी खाली रहे। 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस बदमाशों का सुराग तो दूर, हमले की वजह तक नहीं मालूम कर सकी। सीसीटीवी फुटेज से यह जरूर पता चला है कि बाइकसवार दो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया।
सागररत्ना रेस्टोरेंट में 23 फरवरी की रात 10 बजे के करीब हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी। अज्ञात बदमाशों ने एक के बाद एक चार बम चलाकर दहशत फैला दी थी। हमले में रेस्टारेंट में मौजूद परिवार के चार सदस्य घायल हो गए थे जिनमें से सृजन व पिंकी केसरवानी को हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने देर रात इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस जांच पड़ताल में लगी रही लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी वह हमले की वजह बता पाने की स्थिति में नहीं थी।
रविवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने भी रेस्टोरेंट में पहुंचकर जांच पड़ताल की। उधर जार्जटाउन पुलिस भी सुरागरशी में जुटी रही। सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह जरूर पता चला कि बाइकसवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। लेकिन वह कौन थे, इसका पता नहीं चल सका। जार्जटाउन पुलिस का कहना है कि अभी रेस्टोरेंट कर्मचारी किसी विवाद के बाबत इंकार कर रहे हैं। लेकिन इस बात की पूरी आशंका है कि खाने-पीने को लेकर हुए किसी विवाद में ही यह घटना अंजाम दी गई हो। एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि फिलहाल हमलावरों का सुराग नहीं मिल सका है। मामले में क्राइम ब्रांच केा भी लगाया गया है।
उधर हालत में सुधार न होने पर हमले में घायल सृजन केसरवानी को रविवार सुबह लखनऊ स्थित अस्पताल ले जाया गया। जहां रात में उसकी आंख का ऑपरेशन हुआ। एक अन्य घायल पिंकी केसरवानी का इलाज सिविल लाइंस स्थित निजी अस्पताल में चलता रहा। परिवार के डॉ. अनिल के मुताबिक, सृजन की आंख की पुतली को नुकसान पहुंचा है। उधर रात में ही ऑपरेशन कर पिंकी को लगे कांच के टुकड़े निकाले गए। डॉ. अनिल का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद रेस्टोरेंट प्रबंधन का रवैया बेहद दुखी करने वाला रहा। घटना के 24 घंटे के बाद भी घायलों का हालचाल लेने कोई नहीं पहुंचा।