फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj : 21 लाख से अधिक मतदाताओं की 22 साल पुरानी पहचान की पुष्टि, मैपिंग के लिए मांगा अतिरिक्त समय

Thu, 11 Dec 2025 01:11 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अब तक 21 लाख से अधिक मतदाताओं की 22 साल पुरानी पहचान की पुष्टि हो चुकी है। ये ऐसे मतदाता हैं, जिनकी मैपिंग हो चुकी है। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अब तक 21 लाख से अधिक मतदाताओं की 22 साल पुरानी पहचान की पुष्टि हो चुकी है। ये ऐसे मतदाता हैं, जिनकी मैपिंग हो चुकी है। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। इलाहाबाद व फूलपुर संसदीय सीट के तहत 12 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 46 लाख 92 हजार 860 मतदाता हैं। इनमें से अब तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार ऐसे 10 लाख 65 हजार 844 मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जो 2003 में भी वोटर थे। वहीं, 10 लाख 85 हजार 977 मतदाताओं के माता-पिता 2003 में वोटर थे। इस तरह अब तक 21 लाख 51 हजार 821 वोटरों की 22 साल पुरानी पहचान की पुष्टि हो चुकी है।

विज्ञापन


वहीं, 25 लाख 41 हजार 39 मतदाताओं की मैपिंग अब तक नहीं हुई है। हालांकि, इनमें बड़ी संख्या में मतदाता अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट व मृतक (एएसडी) श्रेणी के भी हो सकते हैं। इस श्रेणी के अलावा जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं होगी, उन्हें अपनी पहचान साबित करने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा और ऐसे मतदाताओं को आयोग की ओर से निर्धारित पहचान पत्रों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा।

भारत निर्वाचन आयोग ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संकलन व डिजिटाइजेशन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर निर्धारित कर रखी है जबकि 16 दिसंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन होना है। हालांकि, मैपिंग का कार्य 15 दिसंबर तक चलेगा। ऐसे में मैपिंग वाले मतदाताओं की संख्या अभी और बढ़ेगी।
विज्ञापन


वहीं, 96.30 फीसदी प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है। अब एक लाख 73 हजार 746 मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा होने बाकी रह गए हैं और इनका डिजिटाइजेशन भी नहीं हुआ है। अगर आयोग की ओर से प्रपत्रों के संकलन व डिजिटाइजेशन की तिथि नहीं बढ़ाई जाती है तो प्रपत्र जमा न करने वालों के नाम वोटर लिस्ट के आलेख्य प्रकाशन में शामिल नहीं किए जाएंगे और उन्हें मतदाता बनने के लिए अलग से फार्म-छह भरना पड़ेगा।

विज्ञापन

एएसडी श्रेणी में 11.24 लाख मतदाता चिह्नित

अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट व मृतक श्रेणी में अब तक 11 लाख 24 हजार 260 मतदाता चिह्नित किए गए हैं। इस श्रेणी के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे लेकिन इससे पहले जिला स्तरीय अफसरों से इसकी जांच कराई जा रही है। जिन बूथों पर इस श्रेणी के 20 फीसदी से अधिक मतदाता चिह्नित किए गए हैं, उनके रीवेरिफिकेशन के लिए इलाहाबाद दक्षिण, इलाहाबाद उत्तर व इलाहाबाद पश्चिम में क्रमश: 14, 20 व 15 जिला स्तरीय अफसरों यानी कुल 39 अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही डिजिटाइजेशन में जो बीएलओ पीछे रह गए हैं, उनकी मदद के लिए भी अलग से कर्मचारियों व अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है।

‘जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने फॉर्म जमा नहीं किए हैं, वे बृहस्पतिवार सुबह हर हाल में बीएलओ के पास फॉर्म जमा कर दें। अंतिम दिन ऐप पर लोड बढ़ सकता है। सभी वोटरों के फॉर्म डिजिटाइज्ड किए जा सकें, इसके लिए जरूरी है कि फॉर्म सुबह के वक्त ही बीएलओ को उपलब्ध करा दिए जाएं। इसके अलावा सभी बूथ पर बीएलओ ने एएसडी श्रेणी के मतदाताओं की लिस्ट तैयार की है। मतदाता या राजनीतिक दल के प्रतिनिधि इस लिस्ट का अवलोकन कर लें और किसी को कोई आपत्ति हो तो वह अपनी शिकायत संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी के पास दर्ज करा सकता है। जनपद स्तर पर संचालित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर के टोल फ्री नं0 1950 या 0532-2644024 पर भी अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। - ’ मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें