चंद मिनटों में 22 लाख लूटकर निकल भागे थे बदमाश
दूसरे दिन भी नहीं मिला लूटेरों की कोई जानकारी
प्रयागराज। अतरसुइया के रानीमंडी में व्यापारी कृष्ण कुमार से 22 लाख की लूट में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे। अयोध्या फैसले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में जुटी पुलिस दूसरे दिन भी लुटेरों का सुराग नहीं हासिल कर सकी। हालांकि पुलिस ने भुक्तभोगी से रुपयों संबंधी दस्तावेज भी मांगे हैं।
अतरसुइया के रानीमंडी में आठ नवंबर को दिनदहाड़े हुई वारदात का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। क्योंकि इसे दिनदहाड़े शहर के व्यस्ततम बाजार में अंजाम दिया गया। दरअसल घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर सराफा मंडी है। जिस तरह से वारदात अंजाम दी गई, उससे यह भी साफ है कि वह पूरी तरह बेखौफ थे। खास बात यह कि घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर कोतवाली जबकि दूसरी ओर अतरसुइया थाना स्थित है। भुक्तभोगी व्यापारी कृष्ण कुमार का कहना है कि वह सवा तीन बजे के करीब घर से नगदी भरा झोला लेकर निकला। जिसके चंद मिनटों बाद ही बदमाशों ने उसे शिकार बना लिया। यानी महज चंद मिनटों के भीतर ही बदमाश 22 लाख रुपये लूटकर मौके से निकल भागे।
दीपावली से जमा कर रहा था रुपये
अफसरों की पूछताछ में भुक्तभोगी व्यापारी ने बताया कि आमतौर पर वह पांच से छह दिनों में व्यापार में मिली रकम बैंक में जमा कर आता है। लेकिन इस बार दीपावली से रुपये नहीं जमा कर सका था। काफी दिनों से वह वसूली की रकम घर में ही जमा कर रहा था जिसे शुक्रवार दोपहर पैदल ही लेकर वह जानसेनगंज स्थित एसबीआई जा रहा था।
फुटेज खंगालने में जुटी रही पुलिस
जिस जगह व्यापारी से लूट की वारदात हुई, वहां से दो रास्ते निकालते हैं। दोनों ही रास्तों पर स्थित घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। दरअसल घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर चड्ढा रोड के सामने स्थित गली में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कोई नजर नहीं आया। जबकि दूसरी ओर स्थित गली में लगा कैमरा खराब मिला। पुलिस ने सराफा मंडी स्थित कई आभूषण दुकानों में लगे कैमरों की भी फुटेज खंगाली लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल एक कैमरे का डीवीआर लेकर उससे फुटेज निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है।
लाखों की लूट-चोरी के कई मामलों का नहीं खुला राज
30 नवंबर 2018- मम्फोर्डगंज में एटीएम काटकर 16.61 लाख की चोरी
10 फरवरी- जार्जटाउन में पेट्रोल पंप पर ठेकेदार से 6.70 लाख की लूट
11 मार्च- चौक में दिनदहाड़े 10.30 लाख की लूट
15 मार्च- सिविल लाइंस में मीट एजेंसी के मुंशी से 9.50 लाख की लूट
29 मई- कर्नलगंज के सलोरी में एटीएम काटकर 11.51 लाख की चोरी
10 अक्तूबर- मऊआइमा में फाइनेंस कंपनीकर्मी से 4 लाख की लूट