ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती का परिणाम घोषित करने पर जानकारी तलब
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की सम्मिलित ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी एवं समाज कल्याण पर्यवेक्षक की भर्ती परिणाम घोषित करने की मांग में दाखिल याचिका पर राज्य सरकार से जानकारी मांगी है। याचिका की अगली सुनवाई 13 मई को होगी। यह आदेश न्यायमूर्ति सुनीत कुमार ने सुजीत कुमार की याचिका पर दिया है। याची अधिवक्ता मुजीब अहमद सिद्दीकी का कहना है कि 23 दिसंबर 18 को परीक्षा हुई है, मगर अभी तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है। याची ने 22 फरवरी 19 को आयोग को प्रत्यावेदन दिया है। कोई कार्रवाई न होने पर यह याचिका दाखिल की गई है। आयोग की तरफ से अधिवक्ता केएस कुशवाहा ने समय मांगा है।