नंदी के पुनर्प्राप्त जन्म महोत्सव पर एक लाख से ज्यादा लोगों को न्यौता
इलाहाबाद। सूबे के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के पुनर्प्राप्त जन्म महोत्सव के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में एक लाख से ज्यादा लोगों को न्यौता भेजा गया है। सुबह बहादुरगंज स्थित शिव मंदिर में नंदी अपनी पत्नी एवं इलाहाबाद की मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी के साथ रुद्राभिषेक करेंगे। इसके बाद वहां भोजन का कार्यक्रम है। एक अनुमान के मुताबिक इस कार्यक्रम में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग शामिल हो सकते है।
दरअसल बसपा सरकार में मंत्री रहने के दौरान नंद गोपाल नंदी पर 12 जुलाई 2010 को जानलेवा हमला हुआ था। इसमें नंदी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनका महीनों इलाज भी चला। इसी के बाद नंदी हर वर्ष 12 जुलाई को शिवमंदिर में परिवार जनों के साथ रुद्राभिषेक करते हैं। इस बार इसे व्यापक रूप दिया गया है। उनके पुनर्प्राप्त जन्म महोत्सव की तैयारियां बुधवार को बहादुरगंज, सुलाकी चौराहा, रामभवन समेत पुराने शहर के तमाम इलाकों में दिन भर चलती रही। इन सभी इलाकों में बुधवार को ही टेंट आदि लगा दिया गया। हालांकि बुधवार की शाम को हुई झमाझम बारिश से तमाम टेंट आदि गिर गए। बारिश की वजह से मंत्री नंदी के बहादुरगंज स्थित आवास बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम को लेकर तमाम भाजपाई एकत्र हुए। कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराने को लेकर उनके आवास पर देर रात तक रणनीति बनती रही।