प्रतापगढ़। कचहरी परिसर में मंगलवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के करीब पुलिस अभिरक्षा में पेशी से लौट रहे बंदी पर बाइक सवार हमलावरों ने फायर झोंक दिया। गोली बंदी को पेशी पर ले गए एक सिपाही के पेट को चीरते हुए निकल गई। फायर करने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले। घायल सिपाही को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जनपद कारागार से मंगलवार को लगभग 20 विचाराधीन बंदियों को कोर्ट में पेशी पर लाया गया था। सभी को लोअर कोर्ट में रखा गया था। लॉकअप प्रभारी यशकरन यादव की मानें तो लूट व जानलेवा हमले के आरोपी बंदी बेलाल, कलीम, मुकदीर और इकराम को न्यायालय में पेश कराने के लिए आरक्षी गुलाबधर पांडेय, हरिशचंद्र यादव, सुरेश यादव, सुदर्शन यादव, महेंद्र यादव के अलावा एचसीपी नफीस अहमद गए थे। एसीजेएम कक्ष संख्या 14 में पेशी के बाद लौटते समय एसपी कार्यालय के करीब काली पल्सर बाइक से दो युवक बंदियों की ओर बढ़े। तभी सिपाही गुलाबधर पांडेय की नजर बाइक सवार युवक के असलहे पर पड़ी। उसने अपनी राइफल तान दी। इस पर बाइक सवार एक युवक ने हड़बड़ाहट में बंदी बेलाल को लक्ष्य बनाकर फायर झोंक दिया। गोली बेलाल की बजाय सुरक्षा में लगे सिपाही हरेंद्र यादव (52) के पेट को चीरते हुए निकल गई। फायर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अधिवक्ता व वादकारी दौड़े तो बाइक सवार हमलावर असलहा लहराते हुए अंबेडकर चौराहे की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर प्रभारी कोतवाल मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही को जिला अस्पताल ले गए। कुछ ही देर में एसपी शगुन गौतम, एएसपी राजकुमार अग्रवाल, सीओ सिटी सुधीर कुमार भी आ गए। इस मामले में प्रभारी कोतवाल ने बताया कि घायल सिपाही की तहरीर पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
प्रतापगढ़ कचहरी में बंदी पर झोंका फायर, सिपाही को लगी गोली
पेशी से लोअर लॉकअप लाते समय एसपी कार्यालय के करीब हुई घटना
बाइक सवार हमलावर भाग निकले, पिस्टल का कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो