हरिद्वार एक्सप्रेस भी पहुंची प्रयागघाट टर्मिनल
0 अब तक जंक्शन की कुल पांच ट्रेनें शिफ्ट हो गईं प्रयागघाट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। नौचंदी एक्सप्रेस, सरयू एक्सप्रेस के बाद हरिद्वार एक्सप्रेस भी बृहस्पतिवार को प्रयागघाट टर्मिनल शिफ्ट हो गई। इसके शिफ्ट होने के बाद शहर पश्चिम के तमाम इलाकों में रहने वाले लोगों को दिक्कत हो सकती है। क्योंकि प्रयागघाट से इसकी रवानगी का वक्त रात 11.45 बजे है और रात के वक्त शहर पश्चिम के कई इलाकों से प्रयागघाट के लिए साधन मिलना आसान नहीं है।
पिछले माह ही तय हो गया था कि इलाहाबाद जंक्शन की पांच ट्रेनें प्रयागघाट टर्मिनल शिफ्ट की जाएंगी। छह मार्च से यह व्यवस्था लागू हो गई। बुधवार को नौचंदी, सरयू, जौनपुर पैसेंजर और मनवर संगम एक्सप्रेस प्रयागघाट शिफ्ट की गईं, जबकि बृहस्पतिवार को हरिद्वार एक्सप्रेस का भी संचालन प्रयागघाट रेलवे स्टेशन से शुरू हो गया। प्रयागघाट से प्रयाग जंक्शन के बीच एकाएक ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने की वजह से बख्शी बांध रेलवे फाटक पर बृहस्पतिवार को कई बार जाम भी लगा। नौचंदी एक्सप्रेस से बृहस्पतिवार को मुरादाबाद जा रहे मिनहाजपुर के अरबाज सिद्दीकी ने कहा कि हरिद्वार और नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन इलाहाबाद जंक्शन से ही होना चाहिए। कहा कि रात के वक्त झलवा, कालिंदीपुरम, करेली, रसूलपुर आदि इलाकों से प्रयागघाट के मुकाबले जंक्शन पहुंचना ज्यादा आसान है। इसी तरह मुंडेरा के दीपक शर्मा ने कहा कि रेलवे अपने निर्णय को वापस ले और हरिद्वार एक्सप्रेस का संचालन इलाहाबाद जंक्शन से ही करे।
प्रयागघाट से ट्रेनों की समय सारिणी
मेरठ-प्रयागघाट नौचंदी एक्सप्रेस सुबह 10.00 बजे
प्रयागघाट-मेरठ नौचंदी एक्सप्रेस शाम 05.20 बजे
हरिद्वार-प्रयागघाट हरिद्वार एक्सप्रेस सुबह 07.45 बजे
प्रयागघाट-हरिद्वार एक्सप्रेस रात 11.45 बजे
मनकापुर-प्रयागघाट सरयू एक्सप्रेस सुबह 8.50 बजे
प्रयागघाट-मनकापुर सरयू एक्सप्रेस शाम 06.05 बजे
जौनपुर-प्रयागघाट पैसेंजर सुबह 10.20 बजे
प्रयागघाट-जौनपुर पैसेंजर शाम 04.50 बजे
बस्ती-प्रयागघाट मनवर संगम एक्स. रात 08.40 बजे
प्रयागघाट-बस्ती मनवर संगम एक्स. सुबह 04.20 बजे