सपा-बसपा का गठबंधन हुआ तो भाजपा की बढ़ेंगी मुश्किलें
प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा को घेरा
प्रयागराज। प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अयोध्या में राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा पर हमला बोला। एक कार्यक्रम के सिलसिले मेें बुधवार को आए मंत्री ने कहा कि हर चुनाव से पहले भाजपा को राम मंदिर याद आता है।
राजभर ने इस मुद्दे पर साधु-संतों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। मंत्री ने कहा कि अयोध्या में दिवाली पर कार्यक्रम में 300 करोड़ रुपये खर्च हो गए। गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा बनाने पर 3300 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए। यदि यह राशि फैक्ट्री तथा मेडिकल कालेज खोलने में लगते तो बेरोजगारी तथा चिकित्सा संबंधी बड़ी समस्या दूर हो जाती। उन्होंने अति पिछड़ों के लिए आरक्षण की भी मांग की। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले इस पर फैसला होने की बात कही। मंत्री ने यह भी कहा कि यदि सपा और बसपा का गठबंधन हुआ तो 2019 के चुनाव में भाजपा की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। उन्होंने विभागीय अफसरों के साथ बैठक भी की।