बीटीसी तृतीय सेमेस्टर परिणाम में गड़बड़ी पर जवाब तलब
इलाहाबाद। हाईकोर्ट ने बीटीसी के तीसरे सेमेस्टर के परिणाम में व्यापक अनियमितता और गड़बड़ी पर जवाब तलब किया है तथा याचिका को पहले से दाखिल याचिकाओं के साथ सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है। राहुल और 23 अन्य ने याचिका दाखिल कर कहा है कि तीसरे सेमेस्टर का परिणाम 16 सितंबर 2018 को जारी किया गया। इसमें काफी गड़बड़ियां हैं। नौ हजार से अधिक छात्रों को फेल दिखाया गया है। कुछ छात्रों को 25 में 27 अंक दे दिए गए हैं। अधिवक्ता आशीष सिंह का कहना था कि चौथे सेमेस्टर की पढ़ाई पूरी हो गई है। आठ अक्तूबर से चौथे सेमेस्टर की परीक्षा होनी है। मामले की सुनवाई कर रही न्यायमूर्ति संगीता चंद्रा ने इससे पूर्व के आदेश में कहा था कि यदि याचीगण के आरोप सही पाए जाते हैं तो उनकी चौथे सेमेस्टर की परीक्षा अलग से करानी होगी। मामले की अगली सुनवाई पांच अक्तूबर को होगी।