सेना के साथ अफसरों ने कुंभ के विस्तार का खींचा खाका
क्रासर
दो सदस्यीय अफसरों की केंद्रीय टीम ने किले का किया मुआयना
सेना के सभागार में समन्वय बैठक, श्रद्धालु हित की सुविधाएं विकसित करने पर विचार
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। कुंभ मेले के प्रस्तावित विस्तार के मद्देनजर सोमवार को सेना के साथ केंद्र और राज्य के उच्चाधिकारियों के बीच समन्वय बैठक में श्रद्धालु हित की सुविधाएं विकसित करने पर लंबी चर्चा हुई। इससे पहले अफसरों ने मेला क्षेत्र के अलावा किले के भीतरी हिस्से का भी मुआयना किया और मेले के संभावित विस्तार का खाका खींचा। इस बार 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में कुंभ मेला बसाने की राज्य सरकार की योजना है।
सोमवार को यहां पहुंचे केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सचिव अरुण गोयल और विज्ञान एवं प्रोद्यौगिकी मंत्रालय के संयुक्त सचिव जीएस मुरली ने सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। मंडलायुक्त आशीष कुमार गोयल, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने किले से केंद्रीय टीम को संगम क्षेत्र में मेले के संभावित विस्तार को समझाया। इसके बाद लेटे हनुमान मंदिर के पास किले में जाने वाले रैंप मार्ग द्वार, अक्षय वट दर्शन, पातालपुरी, सरस्वती कूप, गंगा -यमुना मंदिर का भ्रमण किया गया। किले के भीतर भ्रमण कर यात्रियों के आवागमन मार्ग व अन्य स्थलों को देखा गया और उस पर चर्चा की गई। इसके बाद सेना के सभागार में प्रशासन, सेना एवं मेला प्रशासन की समन्वय बैठक में जन सुविधाओं के विस्तार का खाका खींचा गया।इस दौरान पीडब्ल्यूडी, जल निगम, नगर निगम, एडीए के भी अभियंता मौजूद थे।