सीएमपी में बीएएलएलबी में दाखिले कल से
120 सीटों पर प्रवेश के लिए बॉर कौंसिल से मिला अनुमति पत्र
इविवि के किसी संघटक कॉलेज में पहली बार शुरू होगा पाठ्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की बीएएलएलबी की प्रवेश परीक्षा में शामिल जो अभ्यर्थी मेरिट में उचित स्थान न पाने के कारण प्रवेश से वंचित रह गए, उनके लिए राहत वाली खबर है। ऐसे अभ्यर्थियों को एक और मौका मिलने जा रहा है। सीएमपी डिग्री कॉलेज में बीएएलएलबी का पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए बार कौंसिल ऑफ इंडिया से अनुमति पत्र जारी कर दिया गया है। कॉलेज प्रशासन इसी सत्र में प्रवेश लेने जा रहा है। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को चार, पांच एवं छह सितंबर को कॉलेज में काउंसलिंग के लिए उपस्थित होने को कहा गया है।
इसके साथ ही सीएमपी डिग्री कॉलेज इलाहाबाद विश्वविद्यालय का पहला संघटक कॉलेज होगा, जहां बीएएलएलबी का पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहा है। सीएमपी डिग्री कॉलेज में सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रम के तहत बीएएलएलबी की कुल 120 सीटों पर दाखिले लिए जाएंगे। बार कौंसिल ऑफ इंडिया की ओर से 60-60 सीटों के दो सेक्शन के लिए अनुमति प्रदान की गई है। हालांकि बार कौंसिल ऑफ इंडिया की स्टैंडिंग कमेटी की 13, 14 एवं 15 अगस्त को बंगलूरू में हुई बैठक में ही सीएमपी में बीएएलएलसी का पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी दे गई थी लेकिन कॉलेज प्रशासन को अधिकृत रूप से अनुमति पत्र मिलने का इंतजार था।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि बार कौंसिल से अनुमति पत्र मिल गया है। बीएएलएलबी में इसी सत्र में प्रवेश लिए जाएंगे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा में जिन छात्रों ने भाग लिया था और वे प्रवेश के इच्छुक हों तो सीएमपी डिग्री कॉलेज के विधि विभाग में चार, पांच एवं छह सितंबर को काउंसलिंग के लिए अपने समस्त प्रमाणपत्रों की मूल एवं छायाप्रति के साथ सुबह 10 से अपराह्न दो बजे तक संपर्क करें। प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक छात्रों की सूची तैयारी की जाएगी और इसके बाद मेरिट बनाई जाएगी। मेरिट के आधार पर ही प्रवेश लिए जाएंगे। हालांकि इविवि में बीएएलएलबी में प्रवेश की प्रक्रिया काफी पहले पूरी हो चुकी है। ऐसे में प्रवेश से वंचित बहुत से छात्रों ने दूसरी जगह दाखिला ले लिया होगा। ऐसे में कॉलेज प्रशासन के लिए सभी सीटों पर प्रवेश ले पाना बड़ी चुनौती होगी।