राहुल गांधी के अध्यक्ष चुने जाने पर जश्न
0 आनंद भवन पर ढोल-ताशे संग कांग्रेसियों ने बांटी मिठाई
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के निर्विरोध पार्टी अध्यक्ष चुने जाने का स्वागत किया है। सोमवार को आनंद भवन पर जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी के नेतृत्व में जुटे कांग्रेसजनों ने मिठाई बांटी और पटाखे फोड़कर ढोल-ताशे संग जश्न मनाया। उत्साही कांग्रेसजनों ने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष चुने जाने के बाद पार्टी नए उत्साह के साथ युवाओं के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष करेगी।
पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के हाथ में पार्टी की कमान आने से नए युग की शुरुआत होगी। राहुल गांधी के अध्यक्ष पद के प्रस्तावक रहे एआईसीसी सदस्य शेखर बहुगुणा ने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने का स्वागत किया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय ने राहुल के निर्वाचन का स्वागत किया है। महापौर प्रत्याशी रहे विजय मिश्र ने कांग्रेसजनों को बधाई दी है। पार्टी नेता जावेद उर्फी ने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी का जनाधार मजबूत होने के साथ देश में विपक्ष को मजबूत आवाज देंगे। मंडल विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष रमेश पांडेय, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मुकुंद तिवारी ने भी खुशी जाहिर की। इस मौके पर पार्टी नेता फुजैल हाशमी, रामयज्ञ द्विवेदी, हरिकेश त्रिपाठी, मोहम्मद असलम, क्रांति शुक्ला, परवेज सिद्दीकी, देवी प्रसाद पांडेय, बाबुल सिंह, अभिन्न वार्ष्णेय मुकुल दीक्षित, निशांत त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
पहले मोदी बताएं कि उनकी नवाज शरीफ से क्या बात हुई थी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष सिराज मेंहदी ने कहा कि गुजरात चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी और पाकिस्तान के राजनायिक के बीच बातचीत का आरोप लगाकर हल्ला मचाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले स्वयं जवाब दें कि उनकी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से क्या बात हुई थी। शहर में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए सिराज मेंहदी ने सवाल उठाया कि अफगानिस्तान दौरे पर गए प्रधानमंत्री मोदी अचानक बिना किसी घोषणा के पाकिस्तान क्यों पहुंच गए थे, वहां उनकी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से क्या बात हुई। कहा कि जवाब मांगने वाले प्रधानमंत्री स्वयं कटघरे में हैं।