पुलिस करे चालान, दिन भर रहा जाम
इलाहाबाद (ब्यूरो)। यातायात माह अभियान के तहत जिला और ट्रैफिक पुलिस चेकिंग और चालान तक ही सीमित रही जबकि मंगलवार को भी दिन भर शहरियों को हर तरफ जाम में जूझना पड़ा। सुबह से लेकर रात कर शहर के हर हिस्से में जाम लगा रहा। वाहन रेंगते रहे। मुंडेरा से लेकर चौफटका, पानी टंकी से लेकर नवाब युसूफ रोड पर नगर निगम तक, सिविल लाइंस में फायर ब्रिगेड से लेकर निरंजन डाट पुल के नीचे से जानसेनगंज, साऊथ मलाका, घंटाघर, लीडर रोड तक देर शाम तक गाड़ियां रेंगती रही। उधर, बैरहना और रामबाग में भी ऐसी ही स्थिति रही। जाम वाले ज्यादातर स्थानों से ट्रैफिक पुलिस नदारद रही। इस बीच ट्रैफिक लाइन से बताया गया कि मंगलवार को दिन भर में 390 वाहनों से 70 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान 125 गाड़ियों का चालान भी किया गया।