000000000000
कुंभ मेले में संगम के नजदीक श्रृद्धालुओं को उतारेंगे हेलीकॉप्टर
0 उड्डयन मंत्री ने कहा कि बम्हरौली से दूरी अधिक होने की वजह से श्रृद्धालुओं को दी जाएगी सुविधा
0 प्रमुख शहरों से सीधी उड़ान के लिए जल्द जारी होगी निजी एयरलाइंस कंपनियों की सूची
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। वर्ष 2019 में लगने वाले अर्द्धकुंभ मेले में आने वाले श्रृद्धालु हेलीकॉप्टर के माध्यम से संगम के नजदीक उतर सकेंगे। प्रदेश सरकार के उड्डयन मंत्रालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को सर्किट हाउस में सूबे के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि प्रदेश के तीर्थ स्थानों को हेलीकॉप्टर से जोड़े जाने की योजना के तहत विभाग की तैयारी है कि श्रृद्धालुओं को संगम के आसपास उतारा जाए।
उन्होंने कहा कि संगम के आसपास वाले क्षेत्र में हेलीपैड के लिए जमीन तलाशी जा रही है। योजना है कि हैलीपैड छतनाग, झूंसी, अरैल या फिर परेड ग्राउंड में बनाया जाए। इसके लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है। उड्डयन मंत्री ने बताया कि बम्हरौली से संगम की दूरी ज्यादा होने की वजह से ही संगम के नजदीक हैलीपैड बनाने की तैयारी है। माघ मेले के दौरान भी इसकी उपयोगिता रहेगी। नंदी ने बताया कि इलाहाबाद से पुणे, बंगलूरू, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, नागपुर आदि शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हो इसके लिए तमाम निजी एयरलाइंस कंपनियों से बात चल रही है। उन्होंने बताया कि वैनच्यूरा, प्रीमियर, सुप्रीम, इंडिगो समेत कई निजी एयरलाइंस कंपनियों से विमान सेवा शुरू करने के लिए बातचीत चल रही है। इस माह 27 तारीख को दिल्ली में इसके लिए टेंडर निकलेगा। इसके बाद निजी एयरलाइंस कंपनियों का चयन कर लिया जाएगा।
इरादतगंज हवाई पट्टी को विकसित करने का अभी नहीं है विचार
0 उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बताया कि इरादतगंज हवाई पट्टी को डेवलप किए जाने पर अभी कोई विचार नहीं है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बम्हरौली एयरपोर्ट के डेवलपमेंट की है। अक्तूबर 2018 तक एयरपोर्ट में यात्री सुविधा से जुड़े सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में लगने वाले माघ मेले के पूर्व दिल्ली के लिए सुबह के समय एक और फ्लाइट शुरू किए जाने की योजना है। इस दौरान उनके प्रतिनिधि लल्लू लाल गुप्ता सौरभ, मीडिया प्रभारी आरपी सिंह आदि मौजूद रहे।