मुंबई की बारिश और दुरंतो हादसे का इलाहाबाद तक असर
महानगरी, कामायनी, मुंबई मेल आदि ट्रेनें रही निरस्त
बदले रूट से आने की वजह से घंटों देरी से आई ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
मुंबई में हुई बारिश और नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने का इलाहाबाद तक असर पड़ा है। इस वजह से रेलवे ने जहां मुंबई-इलाहाबाद रूट की महानगरी, मुंबई मेल, कामायनी एक्सप्रेस समेत तमाम ट्रेनें निरस्त कर दी हैं तो वहीं कुछ ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाया गया है। बदले हुए रूट से चलाए जाने की वजह से मुंबई से इलाहाबाद आने वाली तमाम ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। इस वजह से बुधवार को आने वाली पवन एक्सप्रेस, साकेत एक्सप्रेस आदि के बृहस्पतिवार को यहां पहुंचने की संभावना है।
मंगलवार को बारिश की वजह से रेल ट्रैक धंस जाने की वजह से दुरंतो एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस वजह से मुंबई रूट बाधित हो गया। इस कारण रेलवे ने 11071 कामायनी एक्सप्रेस, 12322 मुंबई-हावड़ा मेल, 12167 एलटीटी-वाराणसी, 11093 महानगरी एक्सप्रेस, 12168 वाराणसी एक्सप्रेस-एलटीटी को निरस्त कर दिया। संबंधित ट्रेनें बुधवार को निरस्त होने की वजह से यहां नहीं पहुंची। इसके अलावा बदले हुए रूट से चलाये जाने की वजह से इलाहाबाद आने वाली कई अन्य ट्रेनें घंटों विलंबित रही। गाड़ी संख्या 11061 एलटीटी-दरभंगा पवन एक्सप्रेस सुबह 10.45 बजे से 17 घंटे लेट रही। यही स्थिति 11067 साकेत एक्सप्रेस की रही। इसके इलाहाबाद पहुंचने का समय तड़के 3.50 बजे है जो बृहस्पतिवार की रात यहां पहुंच सकती है। उधर इलाहाबाद आने वाली 22129 तुलसी एक्सप्रेस को सुबह 8.50 बजे आना था, लेकिन बदले हुए रास्ते की वजह से रात एक बजे तक तुलसी यहां नहीं पहुंच सकी थी। बुधवार को भी इलाहाबाद से मुंबई जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस के बृहस्पतिवार की सुबह यहां से रवाना किए जाने की तैयारी की गई।
आज ये ट्रेनें नहीं आएंगी जंक्शन और छिवकी
12167 लोकमान्य तिलक-वाराणसी
12168 वाराणसी-लोकमान्य तिलक
13202 लोकमान्य तिलक-राजेंद्र नगर
11061 लोकमान्य तिलक-दरभंगा
12395 राजेंद्र नगर-अजमेर एक्सप्रेस
18102 जम्मूतवी-टाटानगर मुरी एक्सप्रेस