चलने से पहले ही फुल हो गई जम्मू-उधमपुर एक्सप्रेस
0 ट्रेन का दस जून से शुरू होगा संचालन, सप्ताह में दो दिन चलेगी इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस
0 उधमपुर एक्सप्रेस में 18 जुलाई तक नहीं है जगह, डिप्टी सीएम केशव मौर्य दिखाएंगे हरी झंडी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इलाहाबाद से उधमपुर के लिए शुरू होनी वाली जम्मू एक्सप्रेस अपने पहले सफर के लिए तैयार हो चुकी है। इस ट्रेन का संचालन इलाहाबाद से शनिवार दस जून से शुरू होना है लेकिन यह ट्रेन चलने से पहले ही तमाम तिथियों में फुल हो गई है। कई तिथियों में इस ट्रेन की सभी श्रेणियों में लंबी प्रतीक्षा सूची हो चुकी है। गर्मी की छुट्टियों में जिन यात्रियों को इस ट्रेन से वैष्णो देवी आदि स्थानों के लिए जाना है, उन्हें अब इंतजार इस ट्रेन के तत्काल कोटे का है। क्योंकि इलाहाबाद-उधमुपर एक्सप्रेस के पहले सफर के लिए शुक्रवार को तत्काल कोटे के तहत रिजर्वेशन शुरू होगा।
लंबे समय से इलाहाबादी जम्मू के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे। उनकी यह मुराद रेलवे द्वारा पूरी भी की गई। तकरीबन चार माह पूर्व ही रेलवे ने इलाहाबाद से उधमपुर के लिए सीधी ट्रेन चलाने का एलान किया गया। इलाहाबाद से यह ट्रेन अपने पहले सफर पर दस जून को रवाना होगी। सप्ताह में दो दिन इसका संचालन इलाहाबाद से होगा। अभी तक यह ट्रेन कानपुर से उधमपुर के लिए चलती थी। इलाहाबाद जंक्शन पर ट्रेन के उद्घाटन को लेकर तैयारियां जोर शोर से चल रही है। शनिवार को इस ट्रेन को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर सांसद श्यामा चरण गुप्ता और राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह भी मौजूद रहेंगे। अपने पहले सफर में दस जून को ट्रेन के एसी टू में 31, एसी थ्री में 101 एवं स्लीपर श्रेणी में 180 तक प्रतीक्षा सूची पहुंच गई है। यह स्थिति एक दो दिन की नहीं, बल्कि 18 जुलाई तक की है। यानी की 18 जुलाई तक इस ट्रेन के किसी भी श्रेणी में यात्रियों को कंफर्म बर्थ नसीब नहीं होने वाली है।
000000000000000000
मुरी के 29 घंटे के मुकाबले 21 घंटे में ट्रेन पहुंचा देगी जम्मू
इलाहाबाद। इलाहाबाद से दस जून को शुरू हो रही इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस जम्मू पहुंचने में 21 घंटे का वक्त लेगी। जबकि वर्तमान समय इलाहाबाद से जम्मू के लिए चल रही एक मात्र ट्रेन मुरी एक्सप्रेस यह दूरी पूरी करने में 29 घंटे का वक्त लगाती है। ऐसे में यात्री अब आठ घंटे पहले ही जम्मू पहुंच जाएंगे। उधमपुर पहुंचने में यह ट्रेन 22.45 घंटे का ही वक्त लेगी। इस ट्रेन में कुल 19 कोच रहेंगे। इसमें छह कोच सामान्य श्रेणी के, दो एसएलआर, सात स्लीपर, तीन थर्ड एसी एवं एक कोच एसी टू श्रेणी का रहेगा।
00000000000000
ट्रेन का रूट एवं समय
इलाहाबाद से गाड़ी संख्या 24155 प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार की दोपहर 2.45 बजे चलेगी। जो कानपुर, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, खुर्जा, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना, जालंधर, पठानकोट रुकते हुए 11.50 बजे जम्मू एवं दिन में 1.30 बजे उधमपुर पहुंचेेंगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 24156 उधमपुर से प्रत्येक बुधवार एवं रविवार की शाम 4.20 बजे चलकर शाम 5.25 बजे जम्मू तवी एवं अगले दिन अपराह्न तीन बजे इलाहाबाद पहुंचेंगी।
00000000000000
इलाहाबाद से जम्मू का किराया
स्लीपर श्रेणी : 550, थर्ड एसी : 1450, एसी टू : 2090