मांडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में घायल प्रदीप सोनी।
- फोटो : अमर उजाला।
चिलबिला बाजार से दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफा व्यवसायी को मंगलवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। चकडीहा पंचायत भवन के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने पहले उनकी बाइक में टक्कर मारी, फिर गिरते ही मारपीट कर 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, नकदी व लाइसेंसी रिवॉल्वर लूटकर मांडा रोड की ओर बदमाश गए।
भारतगंज कस्बा नई बाजार निवासी प्रदीप सोनी की चिलबिला बाजार में आभूषण की दुकान है। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह बाइक से भारतगंज स्थित अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वीपी प्रतापपुर मार्ग पर पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सराफा व्यापारी के सड़क पर गिरते ही हमलावर उन पर टूट पड़े।
बताया गया कि व्यापारी ने आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद हेलमेट उतारकर तमंचे की बट से सिर और चेहरे पर प्रहार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
घटनास्थल से चंद कदम दूर मौजूद दुकानदार शोर सुनकर दौड़े, किंतु बदमाशों के हाथ में तमंचा देख आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मांडा रोड की ओर फरार हो गए। घायल व्यवसायी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलते ही एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
व्यवसायी के भाई रंजीत सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बदमाश करीब 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, लगभग एक लाख रुपये नकद और लाइसेंसी रिवॉल्वर लूट ले गए। उन्होंने यह भी बताया कि चिलबिला बाजार में दोनों भाइयों की दो आभूषण दुकानें संचालित हैं। एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। आसपास के मार्गों पर जांच और संभावित सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कार्रवाई की जा रही है।