13 दिन में उखड़ी 20 लाख की सड़क, कार्रवाई
0 नगर निगम के जेई को कारण बताओ नोटिस
0 दोबारा नहीं बनाई सड़क तो ठेकेदार होगा ब्लैक लिस्ट
0 चीफ इंजीनियर ने टीम संग की जांच, मिली खराब गुणवत्ता
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। सिविल लाइंस में एकलव्य चौराहे से मुख्य न्यायाधीश के आवास तक करीब बीस लाख की लागत से बनाई गई सड़क 13 दिन में ही उखड़ गई। बृहस्पतिवार को भौतिक सत्यापन में निकले अफसरों ने सड़क की दुर्दशा देखी तो हरकत में आए। इस संबंध में नगर निगम जेई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कार्यदायी संस्था को सड़क दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर उसे ब्लैक लिस्ट कर जमानत राशि भी जब्त की जाएगी।
एकलव्य चौराहे से मुख्य न्यायाधीश के आवास तक सड़क पर गिट्टी की कोटिंग का काम होना था। इसके लिए वाईपी कांस्ट्रक्शन को काम मिला था। यह काम 18 और 19 दिसंबर की रात किया गया। शिकायत है कि दूसरे दिन से ही इस सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगीं।
नगर निगम के मुख्य अभियंता ने चार दिन पहले टीम के साथ सड़क का निरीक्षण किया। भौतिक सत्यापन में सड़क निर्माण की गुणवत्ता मानक के विपरीत पाई गई। पूरी सड़क पर गिट्टियां बिखरीं थीं। लगा ही नहीं सड़क बनाई गई है। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि का तर्क था कि एक इंच कोटिंग का काम ठंड से प्रभावित हुआ।
अफसरों इस तर्क से सहमत नहीं हैं। संस्था को निर्देश दिया गया है कि दोबारा सड़क बनवाएं। ऐसा न करने पर उसे कालीसूची में डालकर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। चीफ इंजीनियर ने संबंधित जेई को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जेई के खिलाफ निलंबन जैसी कड़ी कार्रवाई भी हो सकती है।