मीरगंज। नगरिया कल्यानपुर गांव में शुक्रवार रात चोर दो घरों से नकदी समेत करीब 20 लाख रुपये के जेवरात समेट ले गए। सुबह जागने पर जानकारी होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक मीरगंज और सीओ मीरगंज हर्ष मोदी ने गांव पहुंचकर जांच की।
गांव के रहने वाले अहमद नबी ने बताया कि शुक्रवार को वह परिवार के सदस्यों के साथ दूसरी मंजिल पर बने मकान में सो रहा था। रात में किसी समय घर में घुसे चोर अलमारी में रखे 17 तोला सोना और करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण के साथ दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने पड़ोस में रहने वाले जाकिर के मकान को निशाना बनाया। जाकिर के मकान से चोर 10 तोला सोने और करीब एक किलो चांदी के आभूषण के साथ 70 हजार रुपये चोरी कर ले गए। सुबह जागने के बाद सामान बिखरा होने पर उन्हें जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गांव पहुंचे सीओ हर्ष मोदी और प्रभारी निरीक्षक मीरगंज हरेंद्र सिंह घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। पीड़ित अहमद नबी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक मीरगंज हरेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।