जिला कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी डॉ. रजनीश दुबे।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच बेली अस्पताल में 20 और रेलवे अस्पताल में 30 आईसीयू बेड बढ़ाए जाएंगे। बुधवार को सर्किट हाउस में कोविड-19 की समीक्षा बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं जिले के नोडल अधिकारी डॉ. रजनीश दुबे ने यह निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिला कोविड कंट्रोलरूम, एसआरएन अस्पताल का निरीक्षण भी किया।
नोडल अधिकारी ने संक्रमण को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों एवं भर्ती मरीजों के उपचार व उनकी देखभाल में कोताही न करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने जिले में टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर प्रतिदिन चार हजार किए जाने, मोबाइल टीम की संख्या 30 किए जाने, कान्टैक्ट ट्रेसिंग सौ फीसदी कर उनकी कोविड टेस्ट कराए जाने का भी निर्देश दिया।
नोडल अधिकारी ने नगर आयुक्त को इसकी क्रास चेकिंग कराने को भी कहा। उन्होंने निजी अस्पतालों के द्वारा मरीजों के भर्ती किए जाने पर उनको डिस्चार्ज कर सरकारी अस्पतालों में रेफर किए जाने को गंभीरता से लिया तथा ऐसे अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने होम आइसोलेशन में रह रहे प्रत्येक संक्रमित व्यक्ति के पास शत-प्रतिशत किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार, एसजीपीजीआई के प्रो. आरके सिंह सहित जिले के प्रशासनिक, स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।
इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर पर बढ़ाई जाए डॉक्टरों की संख्या
प्रयागराज। अपर मुख्य सचिव ने कलेक्ट्रेट में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में टेलीफोन लाइन की संख्या बढ़ाए जाने का कहा। उन्होंने फैसिलिटी एलोकेशन के बारे में डेस्क पर तैनात संबंधित डॉक्टर से जानकारी ली और जरूरत के मुताबिक डॉक्टर की संख्या बढ़ाए जाने को भी कहा। उन्हाेंन एंबुलेंस की व्यवस्था की जानकारी और रजिस्टर चेक किया।
निजी अस्पतालों में बढ़ेंगे आईसीयू बेड
प्रयागराज। अपर मुख्य सचिव ने इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन, नर्सिंगहोम एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में संचालित श्री साईं नाथ वात्सल्य एवं यूनाईटेड मेडिसिटी में भी आईसीयू बेड बढ़ाने को कहा। कहा, संक्रमितों की संख्या बढ़ने से आईसीयू बेडों की अधिक जरूरत है। उन्होंने श्री साईंनाथ में 30 और यूनाईटेड में 48 आईसीयू बेड बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। इस मौके एएमए अध्यक्ष डॉ. राधारानी घोष, नर्सिंगहोम एसोसिएशन के डॉ. सुशील सिन्हा आदि मौजूद रहे।