अगले वर्ष लगने वाले कुंभ मेले के पूर्व शहर में डीजल चलित पब्लिक ट्रांसपोर्ट को कम करने के लिए दो और सीएनजी स्टेशन खोल दिए जाएंगे। इंडियन ऑयल अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी की बम्हरौली और नैनी में सीएनजी स्टेशन खोलने की योजना तैयारी है। वर्तमान समय शहर में सीएनजी के कुल तीन स्टेशन ही उपलब्ध हैं।
शहर में डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण को देखते हुए पिछले वर्ष से ही सीएनजी चलित वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की तैयारी है कि शहर में टेंपो, ऑटो, सिटी बस एवं पब्लिक ट्रांसपोर्ट के तहत चलने वाले सभी वाहन सीएनजी से ही चले। इसके लिए यहां से चरणबद्ध तरीके से डीजल से चलने वाले टेंपो आदि को बाहर करने के साथ सीएनजी से चलने वाले वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
एक अनुमान के मुताबिक शहर की सड़कों में वर्तमान समय एक हजार से ज्यादा ऑटो, टेंपो एवं 40 से ज्यादा स्कूली बसें सीएनजी से चल रही हैं। वर्तमान समय शहर में कुल तीन सीएनजी स्टेशन हैं। इन तीनों का संचालन इंडियन ऑयल अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है। अब इसी कड़ी में कंपनी द्वारा बम्हरौली और नैनी में भी सीएनजी स्टेशन खोला जा रहा है। बम्हरौली मेें कंपनी को अभी वन विभाग के अनापत्ति पत्र (एनओसी) का इंतजार है।
इसी तरह नैनी में पीडब्ल्यूडी से अनापत्ति कंपनी को लेनी है। दरअसल सीएनजी स्टेशन खोले जाने के लिए गर निगम, एडीए, वन विभाग, अग्निशमन समेत कुल 12 विभाग से कंपनी को अनुमति लेनी होती है। इसे डीएम एनओसी कहा जाता है। इंडियन ऑयल अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि जिन विभाग से एनओसी नहीं मिली है उनसे लेने का प्रयास किया जा रहा है। कुंभ के पूर्व दोनों पंप स्टेशन खुल जाएंगे।