बदमाशों ने तेलियरगंज में दो दुकानों में सेंध लगाकर 2.5 लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। काउंटर में रखे नगद रुपये ले गए। जेठवारा इलाके में चोरी करने मकान में घुसे एक चोर को लोगोें ने दबोच लिया। जबकि उसके साथ भाग निकले। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। मानधाता थाना क्षेत्र के सतइसा निवासी कामेश्वर विश्वकर्मा की नगर कोतवाली के तेलियरगंज बाजार में किराना की दुकान है। उसकी दुकान के बगल ही छोटे भाई परमेश्वरभक्त विश्वकर्मा ने हार्डवेयर व इलेक्ट्रिक उपकरण की दुकान खोल रखी है।
सोमवार की रात चोर दुकान का ताला तोड़कर दुकान में घुस गए। चोरों ने हार्डवेयर व बिजली की दुकान से 30 डिब्बा मोबिल व बिजली के उपकरण समेट लिए। कामेश्वर के किराने की दुकान में सेंध लगाकर घुसे चोरों ने 15 हजार के सिक्के और 10 हजार रुपये से अधिक का सामान चुराकर भाग निकले। मंगलवार की सुबह दुकान में चोरी की जानकारी हो सकी। दोनों दुकानों से लगभग ढाई लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है।
पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर दी है। दूसरी ओर जेठवारा थाना क्षेत्र के पंडित का पुरवा निवासी दुर्गा प्रसाद मिश्र के घर चोरी करने आए एक चोर को लोगों ने दबोच लिया। जबकि उसके साथी भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।