स्कूल में दूसरे दिन भी बंद रहे मवेशी, लौटे बच्चे
बाहर बैठे रहे शिक्षक, सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सदर विकास खंड के बड़ा का पुरवा स्कूल में दूसरे दिन भी ग्रामीणों ने जानवरों को बंद रखा। स्कूल के बाहर बच्चे और शिक्षक घूमते रहे। काफी देर तक शिक्षक और बच्चे पुलिसकर्मियों के आने का इंतजार करते रहे, मगर दोपहर तक जब कोई नहीं आया तो वह लौट गए।
सदर विकास खंड के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ा का पुरवा एक ही परिसर में स्थित हैं। मंगलवार को नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में ही आवारा पशुओं को बांध दिया था। बुधवार को दूसरे दिन भी विद्यालय में आवारा पशु बंधे रहे। सुबह स्कूल पहुंचे बच्चों को उम्मीद थी कि स्कूल खुला होगा, मगर स्कूल पहुंचने पर बाहर साथियों को देखकर दंग रह गए। स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में जमे ग्रामीणों का आक्रोश दूसरे दिन भी देखने को मिला। स्कूल पहुंचने वाली शिक्षिकाएं असहाय दिखीं। वह पूरे समय बाहर बैठकर अधिकारियों के आने की प्रतीक्षा करती रहीं। इधर, जिले के अफसरों को सूचना मिलने के बाद भी कोई मौके पर नहीं पहुंचा। खंड शिक्षा अधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने पुलिस को सूचना देकर आवारा पशुओं को बाहर निकालने में सहयोग करने को कहा, मगर इसका कोई असर देखने को नहीं मिला।