हाईकोर्ट बार चुनाव की मतदाता सूची जारी
0 तीन जनवरी तक दी जा सकेंगी आपत्तियां
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। एक फरवरी को होने वाले हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की मतदाता सूची जारी कर दी गई है। सूची कोर्ट नंबर 18 के सामने चस्पा की गई है। इस पर दो और तीन जनवरी तक आपत्तियां दी जा सकेंगी। हाईकोर्ट बार के महासचिव एसी तिवारी का कहना है कि आपत्ति काउंटर संख्या-9 पर घोषणापत्र और सदस्यता शुल्क रसीद के साथ दाखिल की जा सकती है। इस पर विचारोपरांत आपत्ति का निस्तारण किया जाएगा।
हाईकोर्ट बार के चुनाव में इस बार वन बार वन वोट का नियम लागू किया है। इसका अर्थ है कि वही सदस्य बार के चुनाव में मतदान कर सकेंगे, जिनको बार कौंसिल द्वारा जारी परिचय पत्र पर हाईकोर्ट बार में मतदान का अधिकार दिया गया है।
छुट्टी में जमकर प्रचार
हाईकोर्ट बार चुनाव के लिए भले ही अभी महीने भर का समय शेष है, मगर हाईकोर्ट में शीतकालीन अवकाश के दौरान भावी उम्मीदवारों ने जमकर प्रचार किया। छुट्टी के दौरान उम्मीदवार अपने मतदाताओं के घरों पर लाकर मुलाकात करते देखे गए तो सोशल मीडिया पर भी प्रचार होता रहा। उम्मीदवारों ने कई व्हाट्सएप ग्रुप बना लिए हैं, जिनके जरिए समर्थन जुटाने की कवायद जारी है। इस बार भी चुनाव में कई दिग्गज उम्मीदवारों के सामने आने की उम्मीद है, जिनके नामों की चर्चा पहले से ही है।