कुंभ मेलाधिकारी-खाक चौक
समिति के बीच वार्ता विफल
0 मुख्य सचिव के हस्तक्षेप पर भी भूमि आवंटन पर नहीं बनी बात, सेक्टर-5 में खाक चौक को बसाने का प्रस्ताव संतों ने ठुकराया
0 कुंभ में शिविर न लगाने का खाक चौक के संतों ने निर्णय लेकर बढ़ाई मुश्किल, कहा- कानूनी मदद से हासिल करेंगे परंपरागत भूमि
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय से मुलाकात के बाद भी कुंभ मेला प्रशासन के साथ खाक चौक व्यवस्था समिति के संतों के बीच भूमि आवंटन पर सहमति नहीं बन सकी। मुख्य सचिव के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार शाम छह बजे इस मसले पर मेलाधिकारी व संतों के बीच वार्ता बेनतीजा रही। कुंभ मेलाधिकारी ने साफ कहा कि खाक चौक को सेक्टर पांच में प्रस्तावित स्थल पर ही बसाया जाएगा। इससे नाराज खाक चौक व्यवस्था समिति ने कुंभ में शिविर न लगाने का निर्णय लेकर परेशानी बढ़ा दी है। समिति के महामंत्री महामंडेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा ने मेलाधिकारी को कुंभ में न बसने का पत्र सौंप दिया। उन्होंने कहा कि इस कुंभ में उनकी समिति की ओर से न तो भूमि ली जाएगी, न मुकाम लगाए जाएंगे। चेताया कि खाक चौक व्यवस्था समिति अब अपनी परंपरागत भूमि के लिए कानून की मदद लेगी।
शाम छह बजे खाक चौक व्यवस्था समिति के महामंत्री संतोष दास सतुआ बाबा के नेतृत्व में साधु-संत कुंभ मेला कार्यालय पहुंचे। कुंभ मेलाधिकारी से वार्ता के दौरान उनका कहना था कि खाक चौक को परंपरागत त्रिवेणी रोड से दक्षिण अक्षयवट मार्ग से संगम नोज तक और मुक्ति मार्ग पर मन सैयता तक 170 बीघा भूमि मिलती रही है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। बिना सूचना दिए परंपरागत भूमि किसी दूसरे को आवंटित कर दी गई है। बीते वर्ष 2017-18 के माघ मेले के दौरान पत्र देकर मेला प्रशासन को अवगत कराया गया था कि कुंभ के दौरान भूमि आवंटन संबंधी निर्णय लेने से पहले खाक चौक व्यवस्था समिति के सूचित किया जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बिना सूचना के ही भूमि दूसरे शिविरों को आवंटित कर दी गई। महामंत्री ने कुंभ मेलाधिकारी को पत्र देकर बताया कि समिति के पदाधिकारियों -संतों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि परंपरागत भूमि खाक चौक को आवंटित नहीं की गई है, इसलिए वह कुंभ में अपने शिविर व मुकाम नहीं लगाएंगे। तीनों अनियों व अखाड़ों की ओर से मिने वाली भूमि भी नहीं ली जाएगी। अगर कोई संत समिति से अग होकर मुकाम लगाता है तो उसे समिति की ओर से कुंभ में मान्यता नहीं दी जाएगी। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष सीताराम दास महात्यागी, माधव दाव, जगतराम दास, दामोदर दास समेत कई संत उपस्थित थे। इससे पहले दोपहर 12 बजे खाक चौक व्यवस्था समिति के संतों ने सर्किट हाउस में मुख्य सचिव से मुलाकात की थी। तब मुख्य सचिव ने मंडलायुक्त आशीष कुमार गोयल और कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद से कहा था कि वह संतों से वार्ता कर इस मामले का समाधान निकालें।