एयर शो देखने के लिए पवेलियन में तब्दील हो गया शास्त्री पुल
0 पक्षियों के झुंड की वजह से सारंग हेलीकॉप्टर का देर में हुआ प्रदर्शन
0 वायु योद्धाओं के साथ लोगों ने खूब ली सेल्फी, आज बम्हरौली में शो
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। भारतीय वायुसेना के एयर शो को देखने के लिए शनिवार को संगम किनारे हजारों की संख्या में लोग जुटे। इस दौरान शास्त्री पुल के दारागंज से लेकर झूंसी छोर तक एयर शो देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। कुछ पल के लिए शास्त्री पुल पवेलियन में तब्दील हो गया हो। कई स्कूलों के बच्चे भी एयर शो का लुत्फ उठाने के लिए अपने टीचरों के साथ पहुंचे। अब रविवार को सुबह 8.30 बजे मध्य वायु कमान मुख्यालय बम्हरौली में भी एयर शो होगा।
एयर फोर्स के प्रवक्ता एवं विंग कमांडर अरविंद सिन्हा ने बताया कि आम लोगों में नीली वर्दी वाले सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने एवं देश के युवा वर्ग को भारतीय वायु सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करना ही इस एयर शो का मुख्य उद्देश्य है। उधर, एयर शो के दौरान आकाश गंगा की टीम के प्रदर्शन के बाद सारंग टीम को आने में थोड़ा वक्त लगा। दरअसल, आसमान में पक्षियों का झुंड आ गया था। काफी देर तक झुंड संगम के आसमान पर मंडराता रहा। पक्षियों के जाने के बाद ही सारंग हेलीकॉप्टर ने प्रदर्शन शुरू किया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वायु योद्धाओं के साथ स्कूली बच्चों, छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने खूब सेल्फी भी ली। इस दौरान सूर्य किरण की टीम के सदस्य ने आसमान से ही इलाहाबादियों को अपना संदेश दिया।