पूछताछ में सामने आए कई अफसरों के नाम
0 कुछ पूर्व सदस्यों की मिलीभगत के भी मिले सुराग
0 अफसरों, पूर्व सदस्यों पर सीबीआई कसेगी शिकंजा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं की जांच कर रही सीबीआई टीम को पीसीएस-2015 के संदिग्ध चयनितों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। चयनितों ने आयोग और शासन स्तर के कुछ ऐसे पूर्व अफसरों के नाम लिए हैं, जो उनके करीबी या दूर के रिश्तेदार हैं और चयन को प्रभावित कर सकते थे। इनमें कुछ पूर्व सदस्यों के नाम भी सामने आ रहे हैं। पूछताछ में मिले इन अहम सुरागों के आधार सीबीआई अब उन अफसरों और पूर्व सदस्यों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है।
सीबीआई दिल्ली स्थित मुख्यालय में पीसीएस-2015 के संदिग्ध चयनितों से दूसरे चरण की पूछताछ कर रही है जबकि सीबीआई की एक टीम इलाहाबाद के कैंप कार्यालय में टिकी हुई है और यह टीम यहां जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान पीसीएस-2015 के संदिग्ध चयनितों ने आयोग के कुछ अफसरों और कुछ पूर्व सदस्यों के नाम लिए हैं, जिनसे उनकी रिश्तेदारी है। कुछ संदिग्ध चयनितों से सीबीआई को यह जानकारी भी मिली है कि चयन प्रक्रिया के दौरान उनके करीबी रिश्तेदार शासन स्तर पर अफसर के रूप में तैनात थे। इसके अलावा कुछ पूर्व सदस्यों के नाम सीबीआई को बताए गए हैं, जो संदिग्ध चयनितों के करीबी या दूर के रिश्तेदार थे। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई अब पड़ताल कर रही है कि आयोग और शासन में बैठे ये अफसर और पूर्व सदस्य किस तरह अपने पद का इस्तेमाल कर चयन को प्रभावित कर सकते थे। जांच में पता लगाया जा रहा है कि इनमें से कौन अफसर परीक्षा से सीधे जुड़े थे। सूत्रों का कहना है कि सीबीआई इन अफसरों और पूर्व सदस्यों से भी पूछताछ करने की तैयारी में है।