पीसीएस मेंस में आज आयोग की भी परीक्षा
0 सामान्य हिंदी और निबंध की परीक्षा के लिए अफसरों ने भी कसी कमर
इलाहाबाद, 6 जुलाई। पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा सात जुलाई को खत्म होने जा रही है। आखिरी दिन अभ्यर्थियों के साथ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा भी होनी है। 19 जून को गलत पेपर बंटने के कारण निरस्त की गई सामान्य हिंदी और निबंध की परीक्षा शनिवार को होने जा रही है। परीक्षा इलाहाबाद और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी।
सामान्य हिंदी की परीक्षा पहली पाली सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 बजे और निबंध की परीक्षा दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। 19 जून को पहली पाली के दौरान आयोजित परीक्षा में जीआईसी केंद्र में सामान्य हिंदी की जगह निबंध का पेपर बांट दिया गया था। ऐसे में आयोग को दोनों पेपरों की परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी। इस पूरे मामले की जांच आयोग की दो सदस्यीय कमेटी कर रही है। मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है। शनिवार को यह परीक्षा फिर से होने जा रही है। आयोग कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार जीआईसी को केंद्रों की सूची से बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा दो अन्य केंद्र भी बदले गए हैं। जीआईसी की जगह सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्रों पर निगरानी के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है और केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि बंडल खुलने के बाद भली-भांति उसका परीक्षण कर लें और फिर पेपरों का वितरण करें।
00
मुख्य परीक्षा में 92 फीसदी रही उपस्थिति
- पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा के तहत शुक्रवार को सिविल अभियंत्रण के 92.86 फीसदी, यांत्रिक अभियंत्रण के पेपर में 75 फीसदी, विद्युत अभियंत्रण में 80 फीसदी और कृषि अभियंत्रण के पेपर में 50 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। सिविल अभियंत्रण की परीक्षा के लिए पंजीकृत 14 अभ्यर्थियों में से 13, यांत्रिक अभियंत्रण की परीक्षा में 28 में से 21, विद्युत अभियंत्रण की परीक्षा में 15 में से 12 और कृषि अभियंत्रण की परीक्षा के लिए पंजीकृत चार में से दो अभ्यर्थी शामिल हुए।