एमएनएनआईटी के दीक्षांत समारोह में आएंगे राष्ट्रपति
0 15 दिसंबर को होगा समारोह, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे मुख्य अतिथि
इलाहाबाद। मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) का दीक्षांत समारोह 15 दिसंबर को होगा। समारोह के मुख्य अतिथि देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद की संगमनगरी की यह पहली यात्रा होगी। राष्ट्रपति भवन से मंगलवार को ही राष्ट्रपति के कार्यक्रम की मंजूरी मिलने के बाद संस्थान की ओर से दीक्षांत समारोह की तिथि की घोषणा कर दी गई। निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी ने बताया कि दीक्षांत समारोह के लिए राष्ट्रपति सचिवालय से समय मांगा गया था। मंगलवार सुबह वहां से अनुमति का पत्र मिल जाने के बाद अब संस्थान अन्य अतिथियों के बारे में फैसला करेगा। बताया कि संस्थान की ओर से वह प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेडकर से भी दीक्षांत समारोह में शामिल होने का आग्रह करेंगे। प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि अब संस्थान की ओर से मिलने वाले चांसलर मेडल सहित सभी पदकों के बारे में फैसला लिया जाएगा।