पाठ्यक्रम में शामिल होगा आपदा प्रबंधन
यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों को जारी किए दिशा-निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं अब आपदा प्रबंधन की पढ़ाई भी करेंगे। इस बाबत विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कुलपतियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस व्यवस्था को अपने विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों में लागू करना सुनिश्चित करें।
यूजीसी की ओर से कुलपतियों को जारी पत्र में कहा गया है कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता है कि उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में आपदा प्रबंधन की पढ़ाई को अनिवार्य पाठ्यक्रम के रूप में लागू किया जाए। इसके तहत छात्र-छात्राओं को बम से जुड़ी घटनाओं, भूकंप, विस्फोट, कैंपस शूटिंग, आतंकी घटना, वित्तीय आपात स्थिति, प्राकृतिक आपदा आदि के बार में पढ़ाया जाए।