अबकी दो दिन मनेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
0 स्मार्त सोमवार, वैष्णव मंगलवार को मनाएंगे जन्मोत्सव
इलाहाबाद। अबकी ग्रह नक्षत्रों के संयोग से दो दिन जन्माष्टमी मनेगी। पहले दिन स्मार्त और दूसरे दिन वैष्णव लोग जन्माष्टमी मनाएंगे।
अखिल भारतीय ज्योतिष परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री आचार्य अविनाश राय के मुताबिक भाद्रपद कृष्ण पक्ष सप्तमी तिथि सोमवार की शाम 5.40 बजे तक रहेगी। इसके बाद अष्टमी तिथि का संचरण होगा जो मंगलवार को दिन में 3.26 बजे तक रहेगा। स्मार्त उदयातिथि के बजाय जन्म के समय यानी रात बारह बजे अष्टमी तिथि के संचरण को मनाते हैं। सोमवार की मध्यरात्रि के समय अष्टमी तिथि होने के कारण स्मार्त इसी दिन जन्माष्टमी मनाएंगे। व्रत रखेंगे। चंद्रोदय रात 11.10 बजे होगा। रात 12.7 बजे से 12.54 बजे तक विशेष पूजा की जाएगी। व्रत का पारण मंगलवार को दिन में 3.30 बजे होगा। वहीं उदया तिथि में अष्टमी की परंपरा को मानने के कारण वैष्णव मंगलवार को जन्माष्टमी मनाएंगे। कहा, इस बार दोनों ही दिन जन्म के समय रोहिणी नक्षत्र नहीं मिल रहा है।
0 इस्कान में तीन दिवसीय आयोजन
काशीराज बलुआघाट पर स्थित इस्कॉन मंदिर में तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत 14 अगस्त को शोभायात्रा से होगी। उपाध्यक्ष वेणुविजय दास के मुताबिक कान्हा की शोभायात्रा चंद्रलोक टाकीज के पास से आरंभ होगी, जो जीरो रोड, घंटाघर, मुट्ठीगंज, बलुआघाट होते हुए मंदिर पहुंच कर समाप्त होगी। शोभायात्रा में डांडिया डांस एवं झांकियों में श्रीकृष्ण की लीलाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। 15 अगस्त को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम होगी। 108 चांदी के पात्रों से रात 11.30 बजे अभिषेक होगा। 12 बजे जन्म और देर रात का विशेष पूजन होगा। 16 अगस्त को प्रभुपाद की जयंती मनाई जाएगी।