रेलवे पेंशनरों ने कहा 50 की आयु में न हो रिटायरमेंट
- कोरल क्लब में हुई रिटायर्ड रेलवे मेंस फेडरेशन के पदाधिकारियों की बैठक
इलाहाबाद (ब्यूरो)। ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेंस फेडरेशन इलाहाबाद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक में यूपी सरकार द्वारा कर्मचारियों को 50 साल की उम्र में रिटायर करने की योजना का विरोध किया गया। रविवार को आयोजित इस बैठक में कहा गया कि यह निर्णय कर्मचारी हित में नहीं है। यूनियन नेता एसएन ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार जिस तरह से 50 वर्ष में कर्मचारियों को अनिवार्य पेंशन देकर बाहर करना चाह रही है वह गलत है। इसका फेडरेशन विरोध करती है।
कोरल क्लब में हुई बैठक में पेंशनरों से जुड़े तमाम लंबित मुद्दों पर चर्चा हुई। फेडरेशन के जोनल सचिव किशन सिंह ने सातवें वेतन आयोग की संशोधित रिपोर्ट की जानकारी दी। कहा कि इसके लिए एक प्रोफार्मा भरकर देना होगा। बैठक में दीपक वर्मा ने कहा कि रेलवे अस्पताल में स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं में सुधार की आवश्यकता है। इस अवसर पर केसी गुप्ता, श्याम सुंदर सिंह पटेल, पीके जिंदल, वीपी मिश्र, नीलम गौड़, दयाशंकर आदि मौजूद रहे। बैठक में पेंशनरों से कहा गया कि वह स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से योगाभ्यास करें।