कुं भ में शहरियों को 40 बस स्टॉप की सौगात
- सिटी बस के हर रूट पर शेल्टर बनाने का प्रस्ताव
- स्मार्ट सिटी के साथ सुंदरीकरण के लिए बनी योजना
मुनेंद्र बाजपेयी
इलाहाबाद। अर्द्ध कुंभ के पहले शहरियों को 40 बस स्टॉप की सौगात मिलने वाली है। शहर में सिटी बसों के रूट पर इन शेल्टरों को सड़क की चौड़ाई के हिसाब से लगाया जाएगा। इन शेल्टरों पर करीब 5 करोड़ का व्यय आएगा। कार्यदायी संस्था एडीए होगा या पीडब्ल्यूडी, इस पर निर्णय लिया जाना है।
सिविल लाइंस में सुंदरीकरण के दौरान 6 बस स्टॉप (शेल्टर) बनाए गए। कई मंत्रियों व प्रमुख सचिव स्तर के अफसरों ने इन शेल्टरों को देखकर सराहा। सीएम योगी की समीक्षा के बाद कुंभ के कार्यों में शहर के विभिन्न मार्गों पर बस शेल्टरों की स्थापना का काम भी प्रस्तावित किया गया है। कार्यदायी संस्था तो तय नहीं लेकिन इस मद में 5 करोड़ रुपये का बजट मांगा गया है।
शहर में सिटी बस रूटों पर सड़कों की चौड़ाई के हिसाब से ये बस स्टॉप बनाए जाएंगे। सिविल लाइंस जैसी चौड़ी सड़कों पर नौ मीटर और कम चौड़ी सड़कों पर छह मीटर के शेल्टर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए सर्वे का काम एक निजी एजेंसी कर रही है। सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले समय में सड़कों के किनारे सिटी बसों का इंतजार कर रहे शहरियों को इन शेल्टरों में छांव के साथ आरामदायक बैठने की जगह भी मिलेगी। संभावना है कि काम एडीए कराएगा। शेल्टर स्थापित करने के बाद इनके रखरखाव का जिम्मा किस विभाग का होगा, यह अफसरों की बैठक में तय किया जाएगा। हालांकि कार्यदायी संस्थाओं की सूची में पीडब्ल्यूडी, एडीए और नगर निगम का नाम भी दर्ज है। एडीए वीसी बीसी गोस्वामी के मुताबिक शहर में बस शेल्टर बनाए जाने का प्रस्ताव है। इस बारे में शासन की सहमति के बाद ही कितना बजट मिलेगा और कार्यदायी संस्था कौन होगी, तय होगी।