prayagraj news : Operation Control Center
- फोटो : prayagraj
केंद्र की मोदी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) का उद्घाटन मंगलवार 29 दिसंबर को होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज के सूबेदारगंज में बने एशिया के सबसे बड़े कंट्रोल रूम का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर डीएफसीसीआईएल के कुछ अफसर भी प्रयागराज पहुंच गए हैं। यूं तो कार्यक्रम दिल्ली में ही होना है लेकिन फिर भी सूबेदारगंज में स्थानीय स्तर की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रयागराज में बने रेलवे के डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर कारपोरेशन लिमिटेड (डीएफसीसीएल) के कंट्रोल रूम में तमाम खूबियां हैं। यह देश ही नहीं एशिया का सबसे बड़ा कंट्रोल रूम है। इस कंट्रोल रूम से डीएफसीसी के पूर्वी कॉरीडोर में चलने वाली मालगाडिय़ों की निगरानी की जाएगी। इस पूरे कॉरीडोर की लंबाई 1856 किलोमीटर है। पहले इस कंट्रोल रूम का उद्घाटन इसी वर्ष 29 फरवरी को होना था लेकिन कोविड-19 की वजह से इसे टाल दिया गया। ईडीएफसीसी के मुख्य महाप्रबंधक पूर्व ओम प्रकाश ने बताया कि मंगलवार को दिन में 12 बजे कंट्रोल रूम का उद्घाटन होगा।
मालगाडिय़ों के लिए अलग से एक कॉरीडोर हो रहा तैयार
दिल्ली- हावड़ा रूट पर क्षमता से अधिक ट्रेनों के संचालन की वजह से ही मालगाड़ी के लिए अलग रूट बनाया जा रहा है। 2022 तक ईस्टर्न डीएफसी का काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद पंजाब के लुधियाना से लेकर पश्चिमी बंगाल के दानकुनी तक मालगाडियों को अलग रास्ता मिल जाएगा। ईस्टर्न डीएफसी कुल 1856 किलोमीटर है। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के पास सूबेदारगंज में मार्च 2017 में ईडीएफसी के कंट्रोल रूम का शिलान्यास हुआ था। कंट्रोल रूम में 11 गुना पांच मीटर की चार स्क्रीन लगाई गई है। इन स्क्रीन पर लुधियाना से लेकर दानकुनी के बीच चलने वाली सभी मालगाडिय़ों की स्थिति दिखाई देगी। इस कंट्रोल रूम को 75 करोड़ रुपये में तैयार करवाया गया है।
सौ की स्पीड से चल रही हैं मालगाड़ियां, दो हजार से ज्यादा की हो चुकी निगरानी
23 सितंबर 2019 से ईडीएफसीसी के सूबेदारगंज में बनाए गए कंट्रोल रूम से अब तक दो हजार मालगाडियों की निगरानी की जा चुकी है। यहां भाऊपुर से खुर्जा के बीच कुल 351 किमी लंबे रूट पर ट्रायल के रूप में मालगाड़ियों की रफ्तार भी बढ़ाकर सौ किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। मंगलवार को पीएम मोदी के उद्घाटन के बाद इस रूट पर स्थायी रूप से मालगाड़ियों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। जून 2022 तक लुधियाना से पश्चिमी बंगाल के दानकुनी तक कुल 1856 किमी लंबा यह रूट पूरी तरह तैयार हो जाएगा। मार्च 2021 तक इस रूट के 40 फीसदी मार्ग पर मालगाड़ी की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
राज्यपाल आनंदी बेन, मुख्यमंत्री योगी भी होंगे शामिल
ईडीएफसी के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) के उद्घाटन के अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, रेल मंत्री पीयूष गोयल, सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वर्चुअली इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।