कुंभ मेला में सुरक्षा योजना की जानकारी ली एडीजी ने
रात्रि भ्रमण के साथ अधिकारियों के साथ की बैठक
प्रयागराज। एडीजी लॉ एंड आर्डर आनंद कुमार नौ जनवरी को कुंभ मेले में भ्रमण कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। एडीजी ने सुरक्षा योजना के साथ कंटीजेंसी प्लान, भगदड़ नियंत्रण, और यातायात प्लान के साथ आपातकालीन योजनाओं के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एडीजी ने मेले में रात्रि भ्रमण भी किया।
एडीजी देर रात बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे। इसके बाद संगम थाना, संगम घाट और गोरखनाथ अखाड़े की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। बुधवार दिन में एसएसपी आफिस में स्थित अलकनंदा सभागार में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए टीमों को अभी से सक्रिय करने के निर्देश दिए। आतंकवादी गतिविधियों की आशंका के मद्देनजर एटीएस के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। यातायात प्रबंधन और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था के साथ डायवर्जन के नियमों के शत प्रतिशत अनुपालन पर बल दिया। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहने और सीसीटीवी व्यवस्था के बारे में भी उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए। मीटिर में एडीजी एसएन साबत, आईजी मोहित अग्रवाल, आईजी रेलवे बीआर मीणा, डीआईजी मेला केपी सिंह, सीआईएसएफ के डीआईजी श्रीमती वी खामो, एसएसपी नितिन तिवारीऔर एसपी एटीएस विनोद कुमार सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।