बनें अच्छे मेजबान, कुंभ से सुनहरी
यादें लेकर जाएं अतिथि : योगी
0 सीएम ने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को दी नसीहत
0 कुंभ से जुड़े विकास कार्यों का करें व्यापक प्रचार करने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह कहा कि इस बार के दिव्य कुंभ की चर्चा पूरे विश्व में होगी। कुंभ मेले को देखने के लिए तमाम देश के लोग प्रयागराज पहुंच रहे हैं। प्रयागराज से वे अच्छी यादें लेकर जाएं, इस बात का ख्याल भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी रखें। सीएम ने कहा कि कुंभ की तैयारियों को देखने के लिए तमाम देशों के राजदूत 15 दिसंबर को प्रयागराज आ रहे हैं। इस दौरान राजदूतों को टेंट सिटी और मेला क्षेत्र दिखाया जाएगा।
सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मेयर अभिलाषा गुप्ता एवं काशी प्रांत के संगठन मंत्री रत्नाकर की मौजूदगी में सीएम ने शनिवार की रात अफसरों के साथ किए गए निरीक्षण के बारे में भाजपा पदाधिकारियों एवं विधायकों को अवगत कराया। कहा कि अब भी कुछ महत्वपूर्ण काम शेष रह गए हैं।15 दिसंबर तक सभी महत्वपूर्ण कार्य करने की हिदायत अफसरों को दी गई है। सीएम ने इस बात के भी संकेत दिए कि पीएम के आगमन के पूर्व वे एक बार फिर से प्रयागराज आ सकते हैं।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों से शहर में हुए तमाम विकास कार्यों का व्यापक प्रचार करने को भी कहा। कहा कि प्रयागराज में इस तरह के विकास कार्य पहले कभी भी नहीं हुए। कहा कि कुंभ के लिए तकरीबन साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये के कार्य 15 दिसंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि थीम पेंटिंग के माध्यम से कुंभ देश और दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। पीएम मोदी उन्हीं कार्यों का लोकार्पण करेंगे जो कार्य 15 दिसंबर तक पूर्ण हो जाएंगे। डिप्टी सीएम ने कहा कि थोड़े बहुत जो अस्थायी कार्य रह जाएंगे वह 30 दिसंबर तक हर हाल में पूरे हो जाएंगे। बैठक में भाजपा नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर प्रोटोकाल अजय राय, श्याम हेला, रवि केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्र, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, संजय गुप्ता, अजय भारतीय, प्रवीण पटेल, विक्रमाजीत मौर्य, राजमणि कोल आदि मौजूद रहे।
000000000000000000
सुबह सर्किट हाउस में ही किया योगाभ्यास
0 सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की देर रात तक कुंभ से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भले ही किया होे लेकिन रविवार की सुबह वे चार बजे के आसपास ही सोकर उठ गए। उन्होंने सर्किट हाउस में ही योगाभ्यास किया। इस दौरान स्नान आदि के बाद उन्होंने हल्का नाश्ता भी लिया। कुछ देर के लिए वे सर्किट हाउस के पोर्टिको में भी आए। इसके बाद प्रशासनिक अफसरों के साथ उन्होंने बातचीत भी की। गोरखपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।