डेटा वार में बीएसएनएल ने उतारी सबसे सस्ती ब्राड बैंड सेवा
क्रासर
बीएसएनएल ने जियो को पीछे छोड़ा, नए लैंड लाइन कनेक्शन पर 99 रुपये में मिलेगा 45 जीबी डेटा, असीमित कॉल
प्रयोग के तौर पर बीएसएनएल ने लांच किए चार श्रेणियों में ब्राडबैंड प्लान
अनूप ओझा
इलाहाबाद। घाटे के बावजूद बीएसएनएल ने डेटा वार के बीच नए उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए अब तक की सबसे सत्ती ब्राडबैंड सेवा देने का फैसला किया है। यह ब्राडबैंड सेवा शुरू होगी महज 99 रुपये से। प्रयोग के तौर पर ब्राडबैंड की हाईस्पीड इंटरनेट सेवा अभी तीन महीने के लिए अलग-अलग चार श्रेणियों में दी जाएगी। इसके साथ असीमित कॉल भी मिलेगी। इस ब्राड बैंड सेवा का लाभ लैंड लाइन कनेक्शन लेने वाले नए उपभोक्ता ही उठा सकेंगे। इलाहाबाद में इस सेवा के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं।
जियो की फाइबर ब्रॉडबैंड सेवा के बाद बीएसएनएल ने नए उपभोक्ताओं को लुभाने के लिए चार श्रेणियों में ब्राड बैंड प्रमोशन प्लान तैयार किया है। इसके तहत उपभोक्ताओं को 200 मेगा बिट पर सेकेंड (एमबीपीएस) स्पीड तक प्रतिदिन डेटा का लाभ मिलेगा। यह प्लान 99 रुपये से आरंभ होगा और 399 रुपये तक जाएगा। जियो के मुकाबले 1,000 रुपये से कम कीमत में असीमित कॉल का लाभ दिया जाएगा। बीएसएनएल के महाप्रबंधक मदन मोहन अग्निहोत्री के अनुसार डेटा वार की प्रतिस्पर्धा के बीच बीबीजी यूएलडी कॉम्बो ब्रॉडबैंड के मासिक प्लान के तहत 20 एमबीपीएस तक स्पीड ऑफर दिया गया है। एफयूपी खत्म होने के बाद उपभोक्ताओं को इंटरनेट 1 एमबीपीएस स्पीड से मिलेगा। इस प्लान के तहत देशभर में किसी भी नेटवर्क पर मुफ्त कॉलिंग का भी लाभ मिलेगा। शुरुआत के लिए बीबीजी यूएलडी कॉम्बो प्लान है। इसमें 45 जीबी डेटा मिलेगा। वहीं, बीएसएनएल का 150 जीबी तक डेटा प्लान 199 रुपये का होगा, जो 5 जीबी डेटा हर दिन देगा। चौथी और आखिरी श्रेणी में बीएसएनएल बीबीजी कॉम्बो यूएलडी 600 जीबी डेटा प्लान 299 रुपये और 399 रुपये में प्रदान करेगा। इस प्लान के तहत क्रमश: 10 और 20 जीबी डेटा हर दिन मिल सकेगी। इसमें 20 एमबीपीएस की रफ्तार मिलेगी।
कोट
प्रयोग के तहत शुरू की जा रही इस ब्राडबैंड सेवा का लाभ फिलहाल 90 दिन तक ही मिल सकेगा। अभी इस सेवा के हानि-लाभ का भी अध्ययन किया जा रहा है। लगातार छह महीने तक इन प्लान का फायदा उठाने के बाद उपभोक्ताओं को सामान्य कनेक्शन के रूप में इसे परिवर्तित कराना होगा। इस ब्राडबैंड कनेक्शन के लिए 500 रुपये डिपॉजिट के तौर पर नए उपभोक्ता को देना होगा।-मदन मोहन अग्निहोत्री, महाप्रबंधक-बीएसएनएल, इलाहाबाद।