00000000000000000000
आपराधिक वारदातों से सरकार भी चिंतित : केशव
डिप्टी सीएम ने कहा, जिम्मेदारी से भागने वाले अफसरों को किया जा रहा चिह्नित
कर्नाटक में भाजपा की जीत का दावा भी किया
कहा-राहुल, ममता, माया, अखिलेश सभी खुद को बता रहे पीएम पद का दावेदार
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जिले में हो रही घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि कातिलों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामला गंभीर है। एसएसपी इलाहाबाद का तबादला किया जा चुका है, हालांकि अब भी कुछ अफसर ऐसे हैं जो जिम्मेदारी से काम नहीं कर रहे हें। ऐेसे अफसरों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को सर्किट हाउस में बातचीत के क्रम में केशव ने कर्नाटक चुनाव में भाजपा की जीत का दावा भी किया। कहा कि कर्नाटक के बाद दक्षिण के अन्य राज्यों में भी कमल खिलेगा। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा खुद को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने पर भी कटाक्ष किया। कहा राहुल ही नहीं, अखिलेश यादव, मायावती और यहां तक की पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी खुद को पीएम के रूप में पेश कर रही हैं। पहले विपक्ष तय कर ले कि पीएम का उम्मीदवार वह किसे बना रहा है।
वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर केशव ने कहा कि यूपी में भाजपा का टारगेट 73 प्लस का है। सपा, बसपा, कांग्रेस का एक सूत्रीय अभियान है कि नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से पीएम बनने से रोका जाए, लेकिन ऐसा नहीं होगा। अपने पहले ही कार्यकाल में मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास सूत्र वाक्य को लेकर काम किया है। इससे विपक्षी दल डरे हुए हैं और भय का वातावरण बनाना चाह रहे हैं। केशव ने कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा की जीत का दावा किया। कहा कि इन दोनों ही चुनाव पार्टी जीत रही है।
00000000000000000
दिव्यांग की शिकायत पर केशव ने उपलब्ध कराई ट्राइसाइकिल
नोट...विकलांग और केशव की फोटो है
इलाहाबाद। सर्किट हाउस में शनिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आम लोगों की जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान उनकी नजर एक दिव्यांग पर पड़ी। उसे जमीन पर बैठा देख डिप्टी सीएम खुद उसके पास गए। उसके सामने डिप्टी सीएम भी बैठ गए। दिव्यांग ने अपना नाम शिवकुमार बताया। उसकी समस्या सुनने के बाद केशव ने उसे ट्राईसाइकिल दी।
वहां मौजूद अफसरों से कहा कि दिव्यांगों की सभी समस्याएं सुनी जाएं और उनका जल्द से जल्द निदान किया जाए। इस दौरान उन्होंने दर्जनों लोगों की शिकायतें सुनीं। शिकायत सुनने के बाद संबंधित अफसरों से कहा कि प्रमुखता के आधार पर लोगों की समस्याओं का निवारण किया जाए। जन समस्या सुनने के बाद डिप्टी सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की भी समस्याएं सुनी। इस दौरान नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, डा. बीबी अग्रवाल, दिलीप श्रीवास्तव, अरुण अग्रवाल, सुबोध सिंह, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, कुंज बिहारी मिश्र, श्याम हेला, रवि केसरवानी, पवन श्रीवास्तव, विशाल अग्रवाल, अमित आलोक पांडेय आदि मौजूद रहे।