कुंभ से पहले शहर में लगेंगे 177 सीसीटीवी
कैमरे, स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से जुड़ेंगे
- पार्कों, कूड़ा गाड़ियों, कूड़ा अड्डों के साथ होगी सार्वजनिक स्थलों की निगरानी
इलाहाबाद। कुंभ से पहले स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर में 177 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे सीधे स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से जुड़ेंगे। साथ ही पार्कों, जीपीएस लगी कूड़ा गाड़ियों और कूड़ा अड्डों की निगरानी भी कमांड सेंटर से ही की जाएगी। सिविल लाइंस क्षेत्र में तीन स्थानों को चिह्नित कर सड़कों से उठाकर सीज की गई गाड़ियों को खड़ा किया जाएगा। साथ ही भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था भी यहीं से संचालित की जाएगी।
नगर निगम में स्मार्ट सिटी की बैठक में बृहस्पतिवार को निर्णय लिया गया कि कुंभ तक स्मार्ट सिटी का कमांड सेंटर न बन पाए तो भी पुलिस लाइन और मेला क्षेत्र में बनने वाले अस्थायी कमांड सेंटर से शहर की हर तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए शहर भर में चिह्नित 177 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। साथ ही सफाई, कूड़ा उठान और गलत पार्किंग करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। बैठक में नगर निगम की ओर से अवैध तरीके से खड़ी की गई गाड़ियों को क्रेेन से उठाने के लिए नामित ठेकेदार को अब तक की गई बतौर जुर्माना 1.50 लाख की वसूली संतोषजनक न बताते हुए निर्देशित किया गया। बैठक में अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास के साथ एसपी सिटी सिद्धार्थ शंकर मीणा समेत अन्य अफसर शामिल हुए।