कल तक साफ हो जाएगी पूरी तस्वीर
इविवि प्रशासन के लिए नामांकन पत्रों की जांच बड़ी चुनौती
महाविद्यालयों में आज जारी होगी प्रत्याशियों की अंतिम सूची
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की तस्वीर 10 अक्तूबर तक पूरी तरह से साफ हो जाएगी। हालांकि दो दिन विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए काफी चुनौती पूर्ण होंगे। नौ एवं 10 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होनी है। इविवि प्रशासन की पहली कोशिश यही होगी कि पिछले वर्षों में हुईं गलतियां दोहराई न जाएं। पिछले दो चुनाव से लगातार हो रहा है, जब परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के इविवि में दाखिले पर ही सवाल उठा दिए गए। इसके लिए इविवि प्रशासन कई स्तर पर जांच करेगा और 10 को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी करेगा। वहीं, संघटक महाविद्यालयों में सोमवार को प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
इविवि छात्रसंघ चुनाव के लिए कुल 67 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। शनिवार को उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने नाम वापस ले लिया और मैदान में अब 66 प्रत्याशी हैं। नौ एवं 10 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होनी है और 10 को शाम पांच बजे के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। अंतिम सूची जारी करने से पहले इविवि प्रशासन को नामांकन पत्रों की कई स्तर से जांच करनी होगी। अगर चुनाव परिणाम आने के बाद कोई गड़बड़ी सामने आती है तो इविवि प्रशासन के लिए जवाब देना मुश्किल होगा, सो इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। चुनाव अधिकारी प्रो. आरके सिंह का कहना है कि नामांकन कराने वाले प्रत्याशियों का पुलिस वेरीफिकेशन कराया जा रहा है। साथ ही उनके प्रवेश आदि से संबंधित जानकारी प्रॉक्टर ऑफिस और अन्य विभागों से मांगी जा रही है ताकि जांच में कहीं कोई कमी न रह जाए। उधर, सीएमपी डिग्री कॉलेज और इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में नौ अक्तूबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी होगी। सीएम में शाम चार बजे और इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में अपराह्न तीन बजे वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी, जबकि ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में सोमवार को सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी और इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। शाम चार बजे तक वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।
00
माइक मीटिंग पर रोक सिर्फ कागजी
- एक तरफ इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव आचार संहिता और लिंगदोह समिति की संस्तुतियों का हवाला देते हुए रविवार को निर्देश जारी किए कि प्रचार के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों, गाड़ियों, पशुओं का प्रयोग वर्जित हैं, वहीं दूसरी ओर अल्लापुर, सलोरी समेत तमाम डेलीगेसियों में दिनभर माइक मीटिंग का दौर जारी रहा और प्रत्याशियों ने वाहन जुलूस भी निकाले। इविवि प्रशासन की ओर से जारी किया गया निर्देश केवल कागजी रहा। चीफ प्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे ने इन गतिविधियों पर रोक के लिए जिला प्रशासन से भी अपेक्षा की है। साथ ही प्रत्याशियों को चेतावनी दी है कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशी का चुनाव परिणाम रद्द किया जा सकता है।
00
ईसीसी में कक्षा वर्ग प्रतिनिधि का चुनाव आज
ईसीसी में पहले चरण के तहत कक्षा वर्ग प्रतिनिधि का चुनाव सोमवार को होगा। चुनाव सोमवार सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक होगा। इसके बाद अपराह्न दो बजे से मतगणना शुरू करा दी जाएगी। उप निर्वाचन अधिकारी डॉ. उमेश प्रताप सिंह के अनुसार शाम पांच बजे तक परिणाम घोषित होने की उम्मीद है।